सिविल लाइंस में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता के पिता बुजुर्ग गोपाल शांडिल्य (80) की मौत करंट लगने से हुई थी। रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान यह खुलासा हुआ। शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। उधर, खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से किसी तरह की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी।
बुजुर्ग शनिवार को लोकसेवा आयोग के पास स्थित होटल में संदिग्ध हाल में मृत मिले थे। रात होने के चलते पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। रविवार दोपहर बाद दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। सूत्रों का कहना है कि इस दौरान खुलासा हुआ कि करंट लगने से उनकी मौत हुई। शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिला।
गौरतलब है कि मृतक के बेटे सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता चेतन शांडिल्य ने घटना के बाद आशंका जताई थी कि उनके पिता की करंट लगाकर हत्या की गई। उन्होंने कहा था कि संपत्ति के लालच में हत्या की गई। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन कहा था कि वह जल्द ही इस संबंध में विस्तृत खुलासा करेंगे। देर शाम तक उनकी ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। इस मामले में थाना प्रभारी सिविल लाइंस रामाश्रय यादव ने बताया कि फिलहाल उन्हें पोस्टमार्टम रिपाेर्ट नहीं मिली है। न ही परिजनों की ओर से कोई तहरीर दी गई है।