ईश्वर शरण पीजी कॉलेज में आयोजित समर स्कूल में शामिल शिक्षक और शोधार्थी
ईश्वर शरण पीजी कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को ‘शोध प्रविधि : शोध के लिए उपकरण निर्माण’ विषय पर सात दिवसीय समर स्कूल-2026 की शुरुआत की गई।
राजनीति विज्ञान के संयोजक प्रो. शिव हर्ष सिंह ने कहा कि शोधार्थियों के लिए यह समर स्कूल न केवल उनकी समझ को विस्तार देने, बल्कि उनके शोध को दिशा देने में निर्णायक साबित होगा। शोधार्थी को अपने शोध में तथ्यों का संग्रहण करते समय विशेष सावधानियां बरतनी चाहिए। शोध का कार्य केवल नए ज्ञान का सृजन ही नहीं बल्कि मौजूदा ज्ञान का पुनः विश्लेषण करना भी है।
राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अखिलेश त्रिपाठी ने कहा कि शोध का कार्य हमें एक पूर्ण मनुष्य बनाने की ओर ले जाता है। चुनाव विश्लेषक डॉ. अखिलेश पाल ने कहा कि शोध के लिए उपकरणों का निर्माण पूरे शोध कार्य को अंतिम रूप देने में सबसे अधिक उपयोगी है।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विवेक कुमार राय ने इविवि की ओर से शोध के क्षेत्र में किए गए नवीनतम बदलावों की ओर सभी शोधार्थियों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंकित पाठक ने किया।