फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ी सुरक्षा में हुई अतीक की पेशी, समर्थक बेकाबू

Sat, 10 Mar 2018 01:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
देवरिया जेल में बंद अतीक अहमद को कड़ी सुरक्षा में शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान उनके समर्थक उनके पास पहुंचने के लिए बेकाबू हो गए। कोई प्रिजन वैन पर चढ़ा गया तो कोई पुलिस से भी भिड़ गया। कचहरी के बंद दरवाजों को भी दो बार ढकेल कर खोल दिया गया। पुलिस को उन्हें हटाने के लिए दो बार लाठी फटकारनी पड़ी। लाठीचार्ज और भगदड़ में कई लोग घायल भी हो गए। किसी तरह अतीक को अदालत तक पहुंचाया गया। कचहरी के दोनों मुख्य गेट बंद होने के बाद भी समर्थक अंदर घुस गए थे। शाम साढ़े पांच बजे के बाद अतीक को देवरिया रवाना किया गया।
विज्ञापन


फूलपुर संसदीय सीट से निर्दलीय उम्मीदवार अतीक अहमद की राजू पाल हत्याकांड के गवाहों को धमकाने के मामले में अदालत में पेशी थी। उन्हें देवरिया जेल से दोपहर में यहां आना था। कचहरी टेंपो स्टैंड के पास उनकी पत्नी शाइस्ता परवीन और बेटे उमर ने चुनावी सभा भी रखी थी। इस कारण दोपहर से ही भारी भीड़ इकट्ठी थी। अतीक के कचहरी में पहुंचने में देरी के साथ समर्थकों का जमावड़ा बढ़ता ही गया। भीड़ देखकर वहां कई थानों की फोर्स के साथ पीएसी को भी तैनात कर दिया गया था। एसपी सिटी, सीओ कर्नलगंज, सीओ शाहगंज और सीओ बैरहना के साथ मौजूद थे। पौने पांच बजे के करीब कड़ी सुरक्षा के बीच अतीक की प्रिजन वैन पहुंच गई। इसके बाद समर्थक बेकाबू हो गए। सैकड़ों की भीड़ ने प्रिजन वैन को घेर लिया और नारेबाजी के साथ वैन को फूल मालाओं से लाद दिया। तमाम लड़के वैन पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे।

इसके बाद पुलिस ने लड़कों को लठियाना शुरू किया तो वहां भगदड़ मच गई। कई लोग लाठी से तो कई भगदड़ में घायल हो गए। बाद में अतीक के बेटे उमर ने वैन पर चढ़कर लोगों से अपील की कि रास्ता छोड़ें पेशी के लिए अदालत पहुंचना है। इसके बाद रास्ता दिया गया। प्रिजन वैन कचहरी कैंपस के अंदर तक लाई गई। समर्थकों का हुजूम कचहरी में अंदर जाने के लिए पुलिस से भिड़ गया। वहां भगदड़ जैसी स्थिति हो गई थी। मेन गेट समेत दोनों गेट बंद कर दिया गया। इसके बाद भी सैकड़ों लोग अंदर घुस गए थे। दो बार भीड़ ने गेट को धक्का देकर खोल दिया था, पुलिस पीछे हटी तो अधिकारियों ने लाठी चलवाकर समर्थकों को वहां से भगाया। पेशी के बाद जाते समय भी समर्थक इसी तरह नारेबाजी करते रहे।
विज्ञापन


कचहरी में अतीक अहमद ने संवाददाताओं से कहा कि वे जल्द ही एक नई पार्टी बनाएंगे। ‘मैं जिंदगी भर बीजेपी और सांप्रदायिक ताकतों से संघर्ष करता रहा हूं। तथाकथित सेक्युलर ताकतों के पीछे पीछे चलते रहे लेकिन अब पीछे चलने का वक्त खत्म हो गया। कुछ लोग हमारे वोटों की ठेकेदारी करते रहे लेकिन बीजेपी को न देश न ही प्रदेश में रोक पाए। इसलिए अब हमें खुद में ताकत बनना है। फूलपुर के नतीजे दूरगामी और राष्ट्रीय होंगे। सपा बसपा गठबंधन को दोनों का वोटर पचा नहीं पा रहा है। यह सपा मुलायम की नहीं है। अखिलेश जी को उनके 19 साल के बेटे ने गली गली घूमने पर मजबूर कर दिया है। वह चाहते हैं कि उनका बेटा उमर अभी पढ़ाई पूरी करे। राजनीति के लिए बहुत समय है।

अतीक की प्रिजन वैन को उनके समर्थकों ने फूल मालाओं से लाद दिया था। कुछ समर्थक वैन पर चढ़ भी गए थे। अतीक का बेटा भी वैन पर चढ़कर लोगों से अपील कर रहा था। यह देखकर एसपी सिटी सिद्धार्थ शंकर मीणा ने वैन चालक को डांटा। कहा तुम्हारे खिलाफ रिपोर्ट दे दूंगा। साथ में चल रहे सुरक्षाकर्मियों को भी उन्होंने चेतावनी दी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें