Prayagraj News : भाजपा काशी प्रांत की बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित करते संगठन महामंत्री सुनील बंसल।
- फोटो : प्रयागराज
भाजपा के त्रिदेव ही दिखाएंगे जीत का रास्ता : बंसल
काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने कहा कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के ‘त्रिदेव ’ की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी और बीएलए टू ही पार्टी के त्रिदेव हैं। कहा कि चुनाव के पूर्व सभी बूथों पर हमें अपनी वोटर लिस्ट को दुरुस्त करना होगा। अब समय कम है, इसलिए युद्ध स्तर पर पदाधिकारी इस कार्य में जुट जाएं।
पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए बंसल ने मिशन 2022 के लक्ष्य को भेदने का मंत्र देते हुए कहा कि प्रदेश में 44 लाख कार्यकर्ताओं की फौज है। यह अब केवल कागजों में नहीं रहेंगे। इन्हीं 44 लाख कार्यकर्ताओं के जरिए प्रदेश के 13 करोड़ वोटरों तक पहुंचकर राज्य में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाई जाएगी। कहा कि वर्तमान में प्रदेश में ढाई करोड़ भाजपा सदस्य हैं। डेढ़ करोड़ नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य है। इस तरह से चुनाव के पूर्व सिर्फ भाजपा परिवार के ही चार करोड़ सदस्य प्रदेश में हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि भी अपनी लोकप्रियता दिखाएं। विकास के कार्यों में भागीदार बनने के साथ संगठन के कार्यों में भी वह बढ़ चढ़कर शिरकत करें। बैठक की अध्यक्षता काशी प्रांत अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने की। उन्होंने संगठन की आगामी कार्ययोजना के बारे में बताया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री एवं सांसद सुब्रत पाठक ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, प्रदेश चुनाव सह प्रभारी सुनील ओझा, लक्ष्मण आचार्य, मेयर अभिलाषा गुप्ता, विधायक हर्ष वर्धन बाजपेयी, विभव नाथ भारती, गणेश केसरवानी आदि की मौजूदगी रही।