Prayagraj News : राज्य विश्वविद्यालय।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर सत्र 2021-22 की परीक्षा के पहले दिन सोमवार को 11 छात्र नकल करते हुए पकड़े गए। परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों से भी सीधी निगरानी की जा रही है। सम सेमेस्टर की परीक्षाएं तीन सितंबर तक संचालित की जाएंगी और इनमें तकरीबन एक लाख छह हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की जा रही है और इसके लिए प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी एवं फतेहपुर में 141 केंद्र बनाए गए हैं। सोमवार को दो पालियों में हुई परीक्षा में 48872 परीक्षार्थी शामिल हुए और 282 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी।
पहली पाली की परीक्षा में 17067 छात्र एवं 7835 छात्राएं और दूसरी पाली की परीक्षा में 14603 छात्र एवं 9367 छात्राएं शामिल हुईं। उड़ाका दलों के औचक निरीक्षण के दौरान कुल 11 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। राज्य विवि के पीआरओ डॉ. अविनाश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय में स्थापित हाईटेक कंट्रोल रूम से भी चारों जनपदों के परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा रही है।