कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने परीक्षाओं में अब दिव्यांग, शारीरिक रूप से अक्षम परीक्षार्थियों को विशेष सुविधाएं देने का फैसला किया है। नई सुविधाओं के तहत एसएससी सहित केंद्र सरकार की सभी परीक्षाओं में अब दिव्यांग अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान अपनी पसंद का सहायक (श्रुति लेखक) चुन सकेंगे।
इसमें शर्त यह होगी कि उनके बदले परीक्षा देने वाले व्यक्ति की शैक्षिक योग्यता अभ्यर्थी से कम होनी चाहिए। एसएससी की परीक्षाओं में नई सुविधा एक जनवरी से लागू करने का फैसला किया गया है।
जिन दिव्यांग अभ्यर्थियों के पास सहायक की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए सरकार ने एसएससी से खास इंतजाम करने को कहा है। निर्देश दिया गया है कि श्रुति लेखकों का पैनल बनाया जाए।
सहायक चुनने के लिए दिव्यांग परीक्षार्थी को यह सूचना दो दिन पहले आयोग को देनी होगी। ताकि परीक्षार्थी एवं लेखक दोनों आपस में बात करके सहज हो सकें। नए नियम के अनुसार आयोग की ओर से दिव्यांग परीक्षार्थी को तीन घंटे की परीक्षा में एक घंटे अतिरिक्त समय दिया जाएगा।