सीजीएल-टियर-3, जेई दोनों परीक्षाएं 29 दिसंबर को
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग की ओर से कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) 2018 टियर-3 परीक्षा 29 दिसंबर को 11 से 12 बजे के बीच होगी। अमर उजाला में 25 दिसंबर के अंक में सीजीएल 2018 टियर-3 परीक्षा की तिथि 29 जनवरी दी गई थी, जबकि यह परीक्षा निर्धारित तिथि 29 दिसंबर को ही होगी। सीजीएल परीक्षा में एसएससी मध्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले यूपी-बिहार से 9,598 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक राहुल सचान के अनुसार यूपी-बिहार में सीजीएल के लिए कुल 23 शहरों में परीक्षा होगी। वहीं, जूनियर इंजीनियर सिविल, इलेक्ट्रिकल एवं मेकेनिकल इंजीनियरिंग की दूसरे प्रश्नपत्र की परीक्षा 29 दिसंबर को ही दो से चार बजे के बीच होगी। पेन-पेपर आधारित परीक्षा में कुल 2887 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रयागराज में कुल छह केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थी स्लाइड-रूल, कैलकुलेटर, लाग टेबल, स्टीम टेबल लेकर आ सकते हैं। प्रवेशपत्र एसएससी मध्य क्षेत्र की वेबसाइट ssc-cr.org पर अपलोड किए जा चुके हैं।