महिला छात्रावास पर संयुक्त संघर्ष समिति का अनशन 13वें दिन जारी
प्रयागराज। इविवि महिला छात्रावास के मेन गेट के सामने संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से कुलपति के खिलाफ चल रहे अनशन का जिला अधिवक्ता संघ ने समर्थन किया है। अनशन के 13वें दिन बुधवार को संघ के महामंत्री राकेश कुमार दुबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि इविवि की खराब स्थिति के लिए जिम्मेदार कुलपति को एक दिन भी परिसर में बने रहने का अधिकार नहीं है। कहा, अधिवक्ता संघ इस संघर्ष में छात्रों के साथ है।
छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष एवं शोध छात्रा ऋचा सिंह ने सवाल उठाया कि इविवि के प्रॉक्टर प्रो. राम सेवक दुबे उनके अनशन को उपद्रव और अराजकता कहते हैं, जबकि दिनभर अनशन स्थल पर पुलिस बल मौजूद रहता है। उन्होंने प्रॉक्टर पर इविवि और आंदोलन की गरिमा को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया। छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव ने भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। अनशन स्थल पर उपमंत्री सत्यम सनी, अजय सम्राट, अदनान, सूरजभान, संदीप साहू, सत्यम कुशवाहा, मसूद अंसारी, अजय पांडे बागी, राहुल, सुनील केसरवानी, सौरभ द्विवेदी मौजूद रहे।
महिला छात्रावास में सेनेटरी वेंडिंग मशीन लगाने की मांग
महिला छात्रावास के गेट पर चल रहे अनशन के बीच बुधवार को महिला छात्रावास में फीमेल हाइजीन पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा के दौरान छात्रावास की छात्रा तनु और ज्योत्सना ने महिला छात्रावास में सेनेटरी वेंडिंग मशीन लगाने की मांग की। गोष्ठी में डॉ. रुचि ने छात्राओं को उनके दैनिक जीवन आवश्यक जानकारी दी।