Prayagraj News : एसआरएन हास्पिटल में मारपीट के बाद पहुंची पुलिस।
- फोटो : प्रयागराज
एसआरएन अस्पताल में एक दिन पहले हुई मारपीट के मामले में मरीज के परिजनों पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मृतक की पत्नी व दो बेटियों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज के आरोप में नामजद केस लिखा है। रिपोर्ट जूनियर डॉक्टरों की तहरीर पर लिखी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।
एसआरएन अस्पताल के वार्ड नंबर 18 में भर्ती विंदेश्वरी प्रसाद श्रीवास्तव (90) की एक दिन पहले इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया तो डॉक्टरों से उनका विवाद हो गया था। जिसके बाद जमकर मारपीट हुई थी जिसमें मरीज की पत्नी शीला श्रीवास्तव का सिर फूट गया था। उधर जूनियर डॉक्टरों ने भी महिला डॉक्टर से मारपीट का आरोप लगाया था। इसे लेकर अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ था।
देर रात तक अस्पताल में पुलिस अफसर डॉक्टरों से बातचीत में जुटे रहे। देर रात जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन की तहरीर पर मृतक की पत्नी व दो बेटियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जिसमें आरोप लगाया गया कि पहले तो उन्होंने गालीगलौज की और विरोध पर मारपीट शुरू कर दी। जिसमें महिला डॉक्टर चोटिल हो गई। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र प्रसाद ने बताया कि केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।