सुभाष चौराहे पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए उपद्रव के बाद भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता वहां धरने पर बैठ गए। इस दौरान भाजपाइयों ने सपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां ऐलान किया गया कि इस पूरे प्रकरण के विरोध में भाजपाई शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन करेंगे। डीएम को ज्ञापन देने के साथ ही दोषी सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की जाएगी।
इस प्रकरण पर भाजपा की ओर से तीखी प्रतिक्रिया दी गई है। भाजपाइयों का कहना है कि सपाई पूरी तरह से गुंडागर्दी पर उतारू हैं। आरोप लगाया गया कि सुभाष चौराहे पर महिला कार्यकर्ताओं से भी सपाइयों ने अभद्रता की। सपाइयों की इस हरकत पर डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर, विभूति नारायण सिंह, शशि वार्ष्णेय, डॉ. कमला सिंह, मनोज कुशवाहा, हमीदा बानो, दिवाकर त्रिपाठी, आनंद सोनकर, रवि केसरवानी, श्याम प्रकाश द्विवेदी, शानू भट्ट, आचार्य कुशमुनि, अमरेश श्रीवास्तव आदि धरने पर बैठ गए। इसके बाद भाजपाइयों ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर लिया।
वहां अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद ही भाजपाई लौटे। वहीं दूसरी ओर मोदी सरकार के दो साल पूर्ण होने के अवसर पर बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी। इस दौरान शहर एवं जिले के कई इलाकों में मोदी के भाषण का लाइव टेलीकास्ट पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने देखा। मुट्ठीगंज चौराहे पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के नगर संयोजक राजेश केसरवानी की ओर से एलईडी टीवी लगाई गई। उधर, मीरापुर चौराहे पर उदय प्रताप सिंह, विभूति नारायण सिंह, विजय मिश्र, अशोक तिवारी, पदुम जायसवाल, गणेश केसरवानी की मौजूदगी में लोगों ने एलईडी पर मोदी की रैली देखी।
यहां मिठाई भी बांटी गई।भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष शानु भट्ट, अमित मालवीय, दिलीप केसरवानी ने केंद्र में मोदी सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मिठाई बांटी। इसी क्रम में सुलाकी चौराहे के समीप पीएम मोदी के मुखौटे के मस्तक पर चांदी का मुकुट लगाकर व्यापारी नेता अमर वैश्य मुन्ना भइया, दिलीव केसरवानी, योगेश शुक्ला आदि के नेतृत्व में मिष्ठान वितरण किया गया। नमामि गंगे समिति के संजय गुप्ता, राजेश शर्मा, डॉ. एनपी सिंह की ओर से जश्न मनाया गया। करछना चौराहे पर भाजपा नेता सुबोध सिंह की ओर मोदी के भाषण का लाइव टेलीकास्ट लोगों को दिखाया गया।