सपा नेताओं ने यह भी कहा कि थोड़ी ही दूर पर सीएम योगी की सभा में भीड़ न होने के बाद भी हजारों की संख्या में पुलिस तैनात थी, जबकि राष्ट्रीय स्तर के नेताओं अखिलेश यादव व राहुल गांधी की जनसभा में हुजूम उमड़ने के बाद भी गिनती के पुलिस रहे। विपक्ष के नेताओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करना भाजपा सरकार को महंगा पड़ेगा। जनता इसका जवाब आने वाले 25 मई को जरूर देगी। इस दौरान गंगापार अध्यक्ष अनिल यादव, विधायक विजमा यादव, दान बहादुर रहे।
हवा में कई बार घूमा अखिलेश का हेलीकॉप्टर
पंडिला में सभा नहीं हो पाने के बाद पहले राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर वहां से उड़ा। उसके बाद अखिलेश का हेलीकॉप्टर उड़ा। हेलीकॉप्टर तक उन्हें छोड़ने गए सपा एमएलसी डॉ. मान सिंह ने कहा कि रैली में उमड़ी भीड़ से अखिलेश यादव खुश दिखे। बाद में जब उनका हेलीकॉप्टर वहां से उड़ा तो उसने रैली स्थल के कई चक्कर लगाए। इस दौरान अखिलेश ने हेलीकॉप्टर से रैली में उमड़ी भीड़ का अभिवादन हाथ हिलाकर किया।
राहुल ने हेलीपैड पर पहुंचे युवक को लगाया गले
राहुल गांधी का जब हेलीकॉप्टर जब पंडिला स्थित हेलीपैड पर उतरा तो वहां काफी संख्या में युवा उनके समर्थन में नारेबाजी करते रहे। इस दौरान एक उत्साही युवा उनकी तरफ भागकर गया। उसे पहले सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन राहुल ने उन्हें रोक दिया। उस युवक को उन्होंने वहां गले भी लगाया।