उड़ीसा पुलिस ने शनिवार को सराय इनायत थाना क्षेत्र के फतूहां गांव में छापा मारकर सोनार देवेंद्र सोनी उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया। उड़ीसा में अक्टूबर महीने में एक आभूषण की दुकान में सेंध लगाकर एक किलो 400 ग्राम सोना चुरा लिया गया था। चोरों ने छह सौ ग्राम सोना देवेंद्र सोनी को बेच दिया था। पुलिस ने चोरों को पकड़ा तो उनकी निशानदेही पर पुलिस देवेंद्र तक पहुंच गई। ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस उसे लेकर उड़ीसा चली गई।
हनुमानगंज का रहने वाला देवेंद्र सोनी उर्फ पप्पू की फतूहां में आभूषण की दुकान है। शनिवार की सुबह वह दुकान पर बैठा था। उसी समय उड़ीसा पुलिस की टीम वहां पहुंच गई। देंवेद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। उड़ीसा पुलिस के इंस्पेक्टर प्रशांत भूपति ने बताया कि उड़ीसा के गंजाम जिले के बरहमपुर बड़ा बाजार में 30 अक्टूबर क विनोद ज्वैलर्स की दुकान में सेंध मारकर चोरों ने एक किलो 400 ग्राम सोना चुरा लिया था।
पुलिस ने दो दिन पहले छत्तीसगढ़ के भिलाई से दो चोरों लोकेश राज और लोकेश श्रीवास्तव को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि छह सौ ग्राम सोना उन्होंने देवेंद्र सोनी को बेचा है। इसके बाद पुलिस दोनों को लेकर प्रयागराज आई और यहां से देवेंद्र को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर उड़ीसा रवाना हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि चोरों ने कई सोनारों को सोना बेचा है। सभी जगह दबिश दी जा रही है।