फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

समाधान दिवस: 323 में से 19 शिकायतें ही निपटीं

Sun, 04 Jun 2023 01:55 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, प्रयागराज
विज्ञापन
विज्ञापन
मीरगंज। जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान नवाबगंज, फरीदपुर, आंवला, मीरगंज और बहेड़ी तहसील में कुल 323 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से सिर्फ 19 का ही मौके पर निस्तारण किया गया। ज्यादातर शिकायतें जमीन के विवाद से संबंधित आईं, इनके जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
विज्ञापन

मीरगंज में एडीएम बित्त संतोष बहादुर सिंह, उपजिलाधिकारी उदित पवार और सीओ मीरगंज हर्ष मोदी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 24 शिकायतें पंजीकृत हुईं। इनमें से एक का ही मौके पर निस्तारण हुआ। यहां आईं शिकायतों में 17 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं।
नवाबगंज में आने वाली 44 शिकायतों में से एक शिकायत भी मौके पर निस्तारित नहीं हुई। एसडीएम राजेश चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचे सिठौरा गांव के ख्यालीराम ने बताया कि गांव में पंचायतघर के निर्माण के दौरान उन्होंने 45 दिन मजदूरी की थी। इसका अब तक भुगतान नहीं हुआ है। यहां नायब तहसीलदार नम्रता सिंह, कोतवाल राजीव कुमार सिंह, एबीएसए विवेक शर्मा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

आंवला में कुल 50 शिकायतें आईं। इनमें से सिर्फ एक शिकायत ही निस्तारित की गई। एसडीएम गोविंद मौर्य ने अधिकारियों को सभी फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण तय सीमा के अंदर करने को कहा। ढिलाई बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। यहां आने वाली ज्यादातर शिकायतें जमीन पर अवैध कब्जे और राशन कोटे से संबंधित रहीं। सीओ दीपशिखा, तहसीलदार रश्मि कुमारी, कोतवाल ओपी गौतम, ईओ जितेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।
-
तालाबों पर कब्जे से हो रहा जलभराव
बहेड़ी। एडीएम ऋतु पुनिया और एसपी ग्रामीण राजकुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विश्व हिंदू परिषद ने जलभराव को लेकर शिकायत दर्ज कराई। विहिप के सीताराम, नेत्रपाल, राजेश रस्तोगी, महावीर सिंह ने बताया कि शाहगढ़ सहित कई तालाब पर कब्जाकर पक्का निर्माण करा दिया गया है। इस वजह से कस्बे में जलभराव हो रहा है। यहां कुल 118 शिकायते आईं इनमें से सिर्फ 17 का ही निस्तारण हुआ। संवाद



फर्जी रिपोर्ट लगाकर निस्तारित की जा रहीं शिकायतें
- कमिश्नर ने फोन कर शिकायतकर्ताओं से लिया फीडबैक तो खुली पोल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदपुर। समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों के निस्तारण में होने वाले फर्जीवाड़े का खुलासा शनिवार को कमिश्नर के सामने भी हो गया। फरीदपुर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में पहुंची कमिश्नर ने कई शिकायतकर्ताओं को फोन कर फीडबैक लिया। इस दौरान ज्यादातर शिकायतकर्ताओं ने जांच अधिकारी पर मौके पर आए बिना फर्जी रिपोर्ट लगाकर शिकायतों का निस्तारण करने का आरोप लगाया। यहां कुल 87 शिकायतें आईं। इनमें से एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं हुआ।
तहसील सभागार में पहुंची कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने सबसे पहले पूर्व में हुए संपूर्ण समाधान दिवस की शिकायतों का रजिस्टर मंगाया। इसके बाद उन्होंने शिकायतकर्ताओं को फोन कॉल कर उनका फीडबैक लिया। इस दौरान ज्यादातर शिकायतकर्ताओं ने बताया कि जांच करने वाले अधिकारी मौके पर आए ही नहीं। फर्जी रिपोर्ट लगाकर ही शिकायत का निस्तारण कर दिया गया। इसको लेकर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में दर्ज हुई शिकायतों का मौके पर जाकर ही निस्तारण किया जाए।
बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसडीएम फरीदपुर पारुल करार ने सभी विभागों के तहसील स्तरीय अधिकारियों को समाधान दिवस में उपस्थित रहने को कहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें