प्रयागराज में पाई जाती हैं सांपों की यह प्रजातियां
देश में सांपों की लगभग 300 प्रजातियां पाई जाती हैं। इनमें प्रयागराज में भारतीय कोबरा, रसेल वाइपर, करैत, धामिन और अजगर मुख्य रूप से पाए जाते हैं।
ऐसे करें बचाव
1- जंगल, घास के मैदान, चट्टानी क्षेत्र और झाड़ियों से दूर रहें।
2- बरसात के मौसम में लंबी बाजू की शर्ट, पैंट और जूते पहनें।
3- बाहर जाते समय टॉर्च का उपयोग करें और झाड़ियों के आसपास शोर करते चलें।
4- जमीन पर न सोएं।
5- अपने बच्चों को सांपों से दूर रहने और उन्हें परेशान न करने के बारे में शिक्षित करें।
सभी सीएचसी व ग्रामीण पीएचसी में उपलब्ध है एंटी स्नेक वेनम
सांप काटने के मामलों को देखते हुए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व ग्रामीण क्षेत्र के 63 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी स्नेक वेनम का इंजेक्शन उपलब्ध कराया गया है जो निशुल्क लगाया जाता है। इसके अलावा बेली, कॉल्विन व एसआरएन अस्पताल में भी एंटी स्नेक वेनम के पर्याप्त डोज उपलब्ध हैं।
सापों की कई प्रजातियां होती हैं, ऐसे में सर्पदंश के बाद मरीज को चार घंटे के भीतर नजदीकी अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। अगर चिकित्सक को उचित समय नहीं मिला तो पीड़ित का बच पाना मुश्किल होता है। वर्तमान में एंटी स्नेक वेनम के 1984 वायल उपलब्ध हैं। - डॉ. यश अग्रवाल, जिला सर्विलांस अधिकारी
करैत सांप जब काटता है तो व्यक्ति को तुरंत आभास नहीं होता। अगर काटने वाली जगह पर दो दांत के निशान दिखें तो समझ जाएं कि कोबरा या करैत ने काटा है। सामान्य सांप के काटने पर एक दांत का ही निशान बनता है। मरीज को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाना चाहिए। - डॉ. राजीव सिंह, लैप्रोस्कोपिक सर्जन