इलाहाबाद (ब्यूरो)। सिविल लाइंस को संवारने के लिए चल रही कवायद के बीच शनिवार को कमिश्नर बीके सिंह, डीएम कौशलराज शर्मा ने एडीए वीसी अजय कुमार सिंह एवं नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार सिंह के साथ निरीक्षण किया। अफसरों ने पत्थर गिरजाघर से सुभाष चौराहा और वहां से हनुमान मंदिर चौराहा तक भ्रमण किया।
उच्चाधिकारियों ने एडीए और नगर निगम को स्मार्ट सिटी की गाइड लाइन के अनुरूप विकसित करने का निर्देश दिया। पार्किंग स्थल पर बने फुटपाथ हटाने और ग्रीन बेल्ट विकसति करने, पार्किंग स्थलों पर रेलिंग लगाकर सुरक्षित बनाने, सर्विस लेन का चौड़ीकरण, जेब्रा क्रासिंग बनाने, बिजली एवं टेलीफोन के तार भूमिगत करने का निर्देश दिया। सिविल लाइंस में नाला स्थल के पास पार्क का रकबा निकलवा कर निर्माण कार्य के संबंध में प्रस्ताव बनाने को कहा गया। ताकि किसी प्रकार की कानूनी अड़चन न आए। चौराहों पर लगे ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने को कहा गया।
कमिश्नर ने नगर आयुक्त को निर्धारित स्थलों पर कूड़ा कंटेनरों को रखवाने तथा यहां प्याऊ की व्यवस्था का निर्देश दिया। इसके साथ गर्मी के मद्देनजर कमिश्नर ने सभी अस्पतालों को एलर्ट रहने तथा मरीजों को तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने को भी कहा। मेजा, करछना, कोरांव क्षेत्रों में पेयजल समस्या को देखते हुए पानी के टैंकर तत्काल भेजने का निर्देश दिया।
राजापुर के कई मोहल्लों में पेयजल संकट
इलाहाबाद (ब्यूरो)। शहर में पेयजल समस्या दूर होने का नाम नहीं ले रही है। अब शहर के पॉश इलाके अशोक नगर में भी लोग पानी को तरस रहे हैं। यहां एक सप्ताह से पानी का संकट बना हुआ है। यहां नफीस काबब वाली गली, चुन्नू खां वाली गली, पत्रकार कॉलोनी के आसपास, नेवादा, शाहिल कॉलोनी आदि के लोगों की रात पानी आने के इंतजार में बीत जा रही है। पार्षद अहमद अली का कहना है कि इसकी जानकारी जलकल विभाग के अफसरों को भी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
बताया कि पत्रकार कॉलोनी के आसपास, नेवादा, साहिल कॉलोनी में नई पाइप लाइन डाली गई है। उसमें पानी नहीं है। राजापुर डाकखाने के पास नया ट्यूबवेल लग गया लेकिन अभी तक कनेक्शन नहीं किया गया। इसकी वजह से समस्या ज्यादा गंभीर है। उन्होंने ट्यूूबवेल के कनेक्शन के साथ नई लाइन में पानी की सप्लाई शुरू करने की मांग की। चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान न हुआ तो राजापुर तिराहे पर चक्काजाम किया जाएगा।