मेजा (इलाहाबाद)। यमुनापार के मेजा इलाके में शनिवार सुबह तिलकोत्सव में जा रहे बाइक सवार चाचा-भतीजा बेकाबू ट्रक की चपेट में आ गए। इससे चाचा की मौत हो गई। भतीजा जख्मी हो गया।
भटौली घोड़ेडीह गांव निवासी सुरेश कुमार शर्मा (35) को शनिवार शाम मेजा के डोहरिया गांव में नंदलाल के यहां तिलक समारोह में शामिल होना था। उसे नंदलाल के घर गैस सिलेंडर भी ले जाना था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह भतीजे मुकेश कुमार (22) के साथ बाइक पर सिलेंडर लेकर डोहरिया के लिए रवाना हुआ। बाइक मुकेश ही चला रहा था। वे दोनों मेजा में टिकरी गांव के पास पहुंचे।
इसी बीच सामने से आ रहे एक बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। दोनों बाइक से सड़क पर गिर गए। सुरेश ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। उसकी वहीं मौत हो गई। जबकि भतीजा मुकेश घायल हो गया। खबर मिलते ही मेजा एसओ सुरेश कुमार सैनी के साथ सीओ राजवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। इसी बीच ट्रक से उतरकर ड्राइवर भाग गया। ट्रक में सरिया लदा था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। घायल मुकेश को प्राथमिक इलाज कराकर शहर के अस्पताल भेज दिया गया। सुरेश की जेब में मिले एक कार्ड से उसका नाम-पता और मोबाइल मिला। पुलिस ने सूचना दी तो परिवार के लोग रोते-कलपते आ गए। सुरेश चार भाई में तीसरे नंबर पर था। परिवार में पत्नी बिंदू, दो बेटियां और दो बेटे हैं। उसने भीरपुर में बरम मोरी के पास सैलून खोल रखा था।