अमेरिका से आए विशेषज्ञों ने सोमवार को प्रयागराज के अफसरों के साथ बैठक की और स्मार्ट सिटी का खाका खींचा। इस दौरान विशेषज्ञों ने वॉशिंगटन डीसी के शहर का मैप दिखाते हुए वहा किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी।
यूएसए यूनिवर्सिटी के प्रो. यू ब्रांडेस समेत कैथरीन पुीशर एवं रॉबिन बंसन ने प्रयागराज मेला प्राधिकरण के आईसीसी के सभागार में मंडलायुक्त डॉ. आशीष गोयल समेत तमाम अफसरों से अपने अनुभव साझा किए। प्रो. यू. ब्रांडेस ने पॉवर प्रेजेंटेशन के माध्यम से वाशिंगटन डीसी में किए गए स्मार्ट कार्यों के बारे में जानकारी दी। गूगल मैप के जरिये उन्होंने बताया कि वॉशिंगटन डीसी की सड़कों, गलियों और पेड़-पौधों को तरह से व्यवस्थित तरीके से विकसित कर लोगों के लिए सुगम बनाया गया।
इसके बाद उन्होंने यातायात व्यवस्था के बारे में बताया। साथ ही फूड मैनेजमेंट एवं वाटर पार्क आदि पर किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्मार्ट सिटी के डिजिटल मॉडल पर फोकस किया। बैठक में नगर आयुक्त डॉ. उज्ज्वल कुमार, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, टीके शिबू आदि मौजूद रहे।
एमएनएनआईटी भी पहुंचे अमेरिकी विशेषज्ञ
स्मार्ट सिटी के मद्देनजर प्रयागराज आए अमेरिकी विशेषज्ञों ने सोमवार को एमएनएनआईटी में ‘द सिटी 2050: क्रेटिंग ब्ल्यूप्रिंट फॉर चेंज’ विषय पर आयोजित सेमिनार में भी भागीदारी की। सेमिनार की शुरुआत संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव त्रिपाठी ने की। प्रो. यू ब्रांडेस ने अपने अनुभव साझा करते हुए स्मार्ट सिटी को लेकर कई फार्मूले बताए। उन्होंने अर्बन प्लालिंग में अपने 25 साल के अनुभव के आधार पर एक पुस्तक की रचना की है। इस पुस्तक में भावी शहरों के स्वरूप का ब्ल्यूप्रिंट है। उन्होंने इस बारे में विस्तार से चर्चा की। साथ ही प्रयागराज को स्मार्ट सिटी बनाने में आने वाली समस्याओं पर चर्चा की।