महिला ने किया था संघर्ष, जमीन पर गिराने पर बौखलाया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि घटना वाले दिन वह कंपनी बाग में मजार के पास टहल रहा था। इसी दौरान वहां महिला फोन पर बातचीत करते हुए पहुंची। उसे देखते ही आरोपी ने मोबाइल छीनना चाहा। महिला ने विरोध किया और उससे भिड़ गई। भागने की कोशिश करने पर आरोपी को जमीन पर गिरा दिया। इस पर वह बौखला गया और पास ही पड़ा पत्थर उठाकर महिला के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगते ही महिला बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी और इसके बाद आरोपी मोबाइल लेकर भाग निकला।
टूटी हुई बाउंड्री से निकलकर भागा था
घटना के बाद पुलिस ने कंपनी बाग के भीतर लगे कैमरों के साथ ही आसपास की तमाम सड़काें पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। हालांकि, हत्यारे का कोई सुराग नहीं मिला था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह भीतर ही भीतर पन्नालाल रोड की तरफ आ गया था। यहां एक जगह पर बाउंड्री टूटी हुई थी और वहीं से निकलकर वह पन्नालाल रोड होते हुए भाग निकला था।
नशे की लत पूरी करने के लिए करता था चोरी, छिनैती
सूत्रों के मुताबिक, जांच पड़ताल में पता चला है कि आरोपी स्मैक का लती है। वह मूलरूप से कौड़िहार, नवाबगंज स्थित उठगी गांव का रहने वाला है। हालांकि, कई सालों से भरद्वाज आश्रम के पास झुग्गी बस्ती में अपनी मां के साथ रहता है। उसकी शादी नहीं हुई है। यह बात भी सामने आई है कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी, छिनैती करता था। वह अक्सर कंपनी बाग में घूमता रहता था और सुनसान में किसी महिला या वृद्ध को देखते ही मोबाइल छीनकर भाग निकलता था। घटना वाले दिन भी वह इसी फिराक में कंपनी बाग गया था।
फुटेज में कैसे नहीं आया नजर
इस मामले में कुछ सवाल अब भी अनसुलझे हैं। मसलन घटना के बाद सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने खंगाले। इसके बावजूद कोई संदिग्ध नजर नहीं आया। अगर आरोपी पन्नालाल रोड की ओर से भागा तो आखिर कैसे उसकी तस्वीर किसी कैमरे में कैद नहीं हुई।