निरंजन डॉट पुल के पास मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
जंक्शन के यार्ड में निरंजन पुल के पास बुधवार को मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरने की जांच के लिए रेलवे ने छह सदस्यीय जे ग्रेड (जूनियर एडमिनेस्ट्रेशन) कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में डीआरएम ऑफिस के ब्रांच अफसरों को शामिल किया गया है। इसमें सीनियर डीएसटीई कामर्शियल, सीनियर डीईई आपरेटिंग, सीनियर डीसीएम फाइनेंस, सीनियर डीएमई सीएंडडब्ल्यू, सीनियर डीएसओ व सीनियर डीईएन-टू कमेटी में शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद रेलवे द्वारा गठित सात सदस्यीय सुपरवाइजरों की प्राथमिक रिपोर्ट के आधार पर ही जे ग्रेड अफसरों की कमेटी अपनी जांच की दिशा का आगे बढ़ाएगी। जांच टीम दुर्घटना के मूल कारण की तलाश करेगी। ताकि आगे इस तरह की घटनाएं न हों। बता दें कि बुधवार को जंक्शन के यार्ड में दोपहर 3.07 बजे कानपुर की ओर से आ रही एक मालगाड़ी के तीन पहिये पटरी से उतर गए। इस हादसे के बाद दिल्ली-हावड़ा रूट पर प्रयागराज के आसपास चार घंटे रेल संचालन बाधित रहा। इस वजह से कई मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनें विलंबित भी हुई। अफसरों का कहना है कि गनीमत रही कि हादसे के बाद मालगाड़ी की स्पीड काफी कम थी।
घटना के बाद देर रात खुर्जा से दुर्घटना स्थल पर जीएम रविंद्र गोयल और डीआरएम हिमांशु बडोनी भी पहुंचे थे। चार घंटे में रेल संचालन शुरू हो जाने पर वहां लगी टीम को बधाई भी दी। वहीं दूसरी ओर कहा जा रहा है कि जे ग्रेड कमेटी की जांच बृहस्पतिवार से ही शुरू हो गई। विभागीय जांच में इंजीनियरिंग विभाग की भी कार्यशैली जांच के दायरे में आई है। हालांकि ब्रांच अफसरों ने अभी कुछ भी बोलने से इन्कार कर किया है।