शहर में शेयर में निवेश करने के नाम पर एक करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। कुल 38 निवेशकों की रकम जमा कराने केबाद शेयर ट्रेडिंग कंपनी दफ्तर में ताला लगाकर भाग निकली। शिकायत मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस ने कंपनी मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट एलनगंज निवासी अरविंद कुमार द्विवेदी ने दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि हैदराबाद, तेलांगना का रहने वाला लक्ष्मण कुमार नारायण शेयरखान शेयर मार्केट, साई स्कंधा और रिद्धि कैपिटल नाम की ट्रेडिंग कपंनियों के जरिए लोगों से शेयर मार्केट में निवेश कराता है। 2014 में उसने सिविल लाइंस में भी अपनी कंपनी की एक शाखा खोली। जिसके माध्यम से लोगों से शेयर मार्केट में निवेश कराया और कुल निवेश की गई राशि का दो से तीन प्रतिशत लाभ भी देने लगा।
यह देखकर निवेशकों ने अपने परिचितों, रिश्तेदारों से भी लगभग एक करोड़ का निवेश करा दिया। कुछ समय बाद निवेशकों को लाभ मिलना बंद हो गया। बहुत दिनों तक लाभ न मिलने पर रुपये वापस मांगने पर कंपनी मालिक ने निवेशकों को पोस्ट डेटेड चेक दिए गए लेकिन खाते में पर्याप्त राशि न होने से 40 फीसदी से ज्यादा चेक बाउंस हो गए। आरोप है कि रुपये मांगने पर कंपनी मालिक ने निवेशकों से अभद्रता की और धमकी भी दी।
जानकारी पर यह भी पता चला कि 2019 से कंपनी की ओर से सिविल लाइंस में लिए गए कार्यालय का किराया भी नहीं दिया गया और एक दिन कार्यालय में ताला बंद हो गया। आरोप है कि सिविल लाइंस थाने में व आला पुलिस अफसरों से लिखित शिकायत के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। जिसके बाद भुक्तभोगी ने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में नामजद केस दर्ज किया गया। सीओ सिविल लाइंस ने बताया कि जांच की जा रही है।