अंदावा में आयोजित किसान विराट सम्मेलन में अपने परिवार के साथ मौजूद पूर्व विधायक प्रवीण पटेल ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की मूर्ति देने के साथ ही एक हल भी भेंट किया। यहां प्रवीण पटेल ने किसानों से जुड़ी तमाम समस्याएं उठाईं। कहा कि गंगापार में नील गाय की वजह से हर साल किसानों को भारी क्षति झेलनी पड़ी। केंद्र सरकार इस मामले में कोई ठोस पहल करे। ताकि किसानों को इस तरह की समस्या से न जूझना पड़े।
अपराह्न 2.20 बजे अंदावा स्थित आयोजन स्थल पर अमित शाह ने पहुंचते ही अपने दोनों हाथ हिलाकर भीड़ का अभिवादन किया। इस दौरान पीएम मोदी के भी नारे लगे। उधर मंच पर भाजपा नेता सुनील बंसल, स्वतंत्र देव सिंह, सांसद श्यामा चरण गुप्ता, योगेश शुक्ला आदि ने शाह को फूल मालाओं से लाद दिया। इस दौरान शाह का भाजपा नेता राकेश शुक्ला ने भी स्वागत किया। स्वागत करने वालों में नगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता, मृत्युंजय तिवारी, अमर वैश्य मुन्ना भइया, विजय मिश्र, डा. एलएस ओझा, डा. शैलेष पांडेय आदि शामिल रहे। उधर सम्मेलन में भीड़ जुटाने के लिए भाजपा के तमाम नेता सुबह से ही जुट गए।
करछना विधानसभा क्षेत्र से सुबोध सिंह, मेजा से सुशील मिश्र, शहर से उदय प्रताप सिंह, विष्णु त्रिपाठी, शशांक त्रिपाठी, अजय राय, रविंद्र मिश्र, आनंद सोनकर, उमेश द्विवेदी आदि नेता तमाम वाहनों से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं को लेकर आयोजन स्थल पर पहुंचे। भाजपा पार्षद किरन जायसवाल, सत्येंद्र चोपड़ा, गणेश केसरवानी भी अपने-अपने वार्ड से ढेरों लोगों को लेकर सम्मेलन में शिरकत करने के लिए पहुंचे। उधर अमित शाह के रैली में पहुंचने के पूर्व भाजपा के दर्जन नेताओं ने मंच से भाषण दिए। हर एक ने मोदी सरकार के दो साल की उपलब्धियों को गिनाने के साथ ही देश में किए जा रहे विकास कार्यों के बारे में भी बातें की।