प्रयागराज। प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर समाजशास्त्र के 273 चयनित अभ्यर्थियों को जल्द ही नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा। यह आश्वासन उच्च शिक्षा निदेशक अमित भारद्वाज ने मंगलवार को निदेशालय में प्रदर्शन करने पहुंचे अभ्यर्थियों को दिया। यह भर्ती वर्ष 2016 की है और इसके तहत 35 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती होनी थी। 33 विषयों के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल चुकी है। वहीं, समाजशास्त्र के 273 पदों चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति अगस्त में पूरी हो चुकी है। अगस्त में ही उन्हें नियुक्ति पत्र मिलना था, लेकिन एनआईसी के सॉफ्टवेयर में तकनीकी गड़बड़ी के कारण चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति फंसी हुई है।
उच्च शिक्षा संघर्ष मोर्चा के बैनर तले प्रदर्शन करने पहुंचे अभ्यर्थियों ने निदेशक को ज्ञापन भी सौंपा। निदेशक ने कहा कि वहां शासन में बात कर रहे हैं। दो दिनों में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। नियुक्ति जल्द ही मिलेगी। प्रदर्शन में मोर्चा के मीडिया प्रभारी समरजीत सिंह, राकेश सिंह, राकेश वर्मा, विजय सिंह, प्रशांत, विकास, सौरभ सिंह, प्रतिभा, सुनील, शिव पांडेय, प्रिया सिंह,अरुण वर्मा आदि शामिल रहे।
कला के चयनित अभ्यर्थियों का यूपीपीएससी में धरना
प्रयागराज। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत कला विषय में चयनित अभ्यर्थियों ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) में धरना-प्रदर्शन किया और ज्ञापन दिया। डिग्री के विवाद के कारण कला के चयनित अभ्यर्थियों की फाइलें आयोग में फंसी हुई हैं। अभ्यर्थियों को सूचना मिली कि बीएड डिग्री वाले अभ्यर्थियों की फाइलें आयोग ने माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को भेज दी है लेकिन प्राविधिक कला एवं ललित कला डिग्री वाले अभ्यर्थियों की फाइलें आयोग में फंसी हुईं हैं और इनका परीक्षण कराया जा रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि कला का शिक्षक बनने के लिए तीनों डिग्रियां मान्य हैं। ऐसे में आयोग सभी अभ्यर्थियों की फाइलें तत्काल निदेशालय को भेजे।