प्रयागराज। अधीनस्थ न्यायालयों में ग्रुप सी और ग्रुप डी के पद चयनित अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र दिए जाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के समक्ष प्रदर्शन किया। उन्होंने महानिबंधक को एक ज्ञापन सौंपकर नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की है। यह अभ्यर्थी वर्ष 2018 -19 ग्रुप में सी व डी ग्रुप के लिए चयनित हुए थे। इनका कहना है कि उनको नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया जा रहा है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि 10 मई 2019 को ग्रुप सी व डी का अंतिम परिणाम जारी हुआ। जिसमें ग्रुप सी में 1452 अभ्यर्थी और ग्रुप डी में 1515 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चयनित हुए। दोनों ग्रुप में से आधे- आधे चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दिसंबर 2019 में दे दी गई और आधे से ज्यादा लोगों की नियुक्ति अभी तक नहीं कराई जा रही है। बचे हुए चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि एक ही विज्ञप्ति के सभी चयनित अभ्यर्थी हैं और उन्हीं में से आधे लोगों को नियुक्ति देकर आठ माह से वेतन दिया जा रहा है जबकि, आधे लोगों को अभी तक नियुक्ति नहीं दी गई है।
इसके विरोध में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया और महानिबंधक को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की है। प्रदर्शन में प्रदेश के कई जिलों से अभ्यर्थी शामिल हुए। प्रदर्शन करने वालों में मनीष कुमार यादव, राजकुमार, धीरज यादव, अजय पाल , अजीत यादव, रोहित, प्रमोद, विजय कुमार, विकास यादव, अर्पित तिवारी, राकेश, सुशील, गोविंद, वरुण पाल, अरविंद, सरोज आदि लोग उपस्थित रहे।