पहली बार आठ रेलवे अफसर बने जीएम
बता दें कि सोमवार को ही भारत सरकार के अवर सचिव अमित श्रीवास्तव की ओर से जारी पत्र में रेलवे के आठ सीनियर अफसरों को जीएम बनाने संबंधी पत्र जारी किया गया। इस पत्र में दस जोनल रेलवे में नए जीएम की सूची जारी की गई। इस दस में दो जीएम का तबादला हुआ, जबकि आठ पहली बार इस पद पर पहुंचे। इस सूची में पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम अशोक कुमार त्रिपाठी जो पूर्व में एडीआरएम प्रयागराज भी रह चुके हैं उन्हें अब पश्चिम रेलवे मुंबई का जीएम बनाया गया है।
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) में अपर महाप्रबंधक के रूप में सीपी गुप्ता ने सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। इसके पूर्व वह पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर में प्रधान मुख्य इंजीनियर के पद पर तैनात थे। सीपी गुप्ता 1986 बैच के आईआरएसई हैं। वह जून 1988 में भारतीय रेलवे में शामिल हुए। वह रेलवे के तमाम महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं।
डीआरएम कटिहार, डीएफसीसीआईएल में मुख्य परियोजना प्रबंधक आदि पदों पर उन्हें काम करने का अनुभव है। प्रयागराज मंडल में भी वह वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आदि पदों पर कार्य कर चुके हैं। कानपुर के एचबीटीआई से सिविल इंजीनियरिंग और आईआईटी दिल्ली से उन्होंने भू तकनीकी इंजीनियरिंग में पीजी किया है। वह इटली में एक्जीक्यूटिव लीडरशिप कार्यक्रम, आस्ट्रिया में छह प्रशिक्षण एवं जापान में प्रौद्योगिकी विनिमय सत्र में शामिल हो चुके हैं।