मोतीलान नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के वार्षिक तकनीकी उत्सव आविष्कार के दूसरे दिन कार्यक्रम अपने रोमांच के चरम पर पहुंचा। नोटॉक्स कार्यक्रम में पहुंचे बॉलीवुड के जाने-माने गीतकार समीर अंजान, हास्य कलाकार राहुल सुब्रमण्यम, अर्जुन अवार्डी फुटबालर आईएम विजयन, समाजसेवा समिति रोबिन हुड आर्मी की करिश्मा खन्ना ने छात्रों के साथ संवाद में उनके सवालों के जवाब दिए। छात्रों को हास्य कलाकार राहुल ने खूब गुदगुदाया। गीतकार समीर ने अपने कुछ मशहूर गीतों को सुनाया।
नोटॉक्स के दौरान फुटबालर आईएम विजयन ने छात्रों से कहा कि एक खिलाड़ी की तरह मजबूत इच्छा शक्ति रखो और कभी हार नहीं मानो। करिश्मा खन्ना ने अपने अनुभव साझा कर सभी को प्रेरित किया। आविष्कार का दूसरा दिन ‘ऐयरोडायनमिक्स’ से हुआ, जिसमें छात्रों ने स्वनिर्मित प्लेन और ड्रोन का प्रदर्शन किया। ऑटोमैक्स के अंतर्गत मोटरकारों की आपस में प्रतिस्पर्धा हुई। आविष्कार के सबसे ज्यादा प्रतिभागी ओपेराओम्निया के अंतिम चरण में रहे। रोबोमेनिया में छात्रों ने कड़ी मेहनत से तैयार किए रोबोट से विभिन्न कारनामे दिखाकर सभी को प्रभावित किया। आयोजन को सफल बनाने में अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं अभिषेक मोहंती, कार्तिकेय मिश्रा, रितिका भारती, श्रेया अग्रवाल, आयुष कुमार, समिता वर्मा, मनु पालीवाल ने अपना योगदान दिया।