एमएलसी चुनाव के लिए समितियों का गठन करेगी सपा
0 विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों को एमएलसी चुनाव के लिए बनाया गया विधानसभा प्रभारी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। एमएलसी चुनाव के लिए सपा कई समितियों का गठन करेगी। इस संबंध में पार्टी कार्यालय में रविवार को पदाधिकारियों की बैठक हुई। सपा जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि पार्टी विधान परिषद स्थानीय निकाय चुनाव को पूरी मजबूती से लड़ेगी।
बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के लिए जिला स्तरीय, विधानसभा स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय संचालन समिति का गठन जल्द ही होगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि इन समितियों का नेतृत्व वह खुद ही करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जो पार्टी के विधानसभा प्रत्याशी थे, वे ही इस चुनाव में अपनी विधानसभा के प्रभारी होंगे। बैठक में स्थानीय निकाय चुनाव के अन्य पहलुओं पर भी चर्चा हुई। इसमें सपा के नवनिर्वाचित विधायक हाकिम लाल बिंद, विजमा यादव, गीता पासी, संदीप पटेल के साथ एमएलसी प्रत्याशी बासुदेव यादव, पूर्व सांसद धर्मराज सिंह पटेल, रामदेव निडर, अजय भारती मुन्ना, नंद लाल सिंह पटेल, विनय कुशवाहा आदि मौजूद रहे। बैठक का संचालन जिला महासचिव सोमदत्त पटेल ने किया। ब्यूरो