सैदाबाद सीएचसी प्रभारी ने डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव ने आशंका जताई कि बाबू सैदाबाद प्रधानपति के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुआ होगा। उन्होंने बताया कि प्रवासी लोगों के आने से प्रधानपति का लगातार स्वास्थ्य केंद्र आना-जाना था। वह चिकित्सकों के साथ अस्पताल के कर्मचारियों के संपर्क में भी था।
बाबू के चपेट में आने से वहां काम करने वाले डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मियों के भी महामारी की चपेट में आने का खतरा है। इनके अलावा सीएचसी पर आने वाले सात-आठ हजार प्रवासियों और घर पहुंचने पर उनके संपर्क में आने वाले लोगों पर भी संक्त्रस्मित होने का खतरा मंडरा रहा है।
चिंता वाली बात यह भी है कि सीएचसी के अंतर्गत आने वाले इलाके में तीन मई से टीकाकरण अभियान भी शुरू हो गया था। एएनएम की ओर से टीकाकरण भी किया गया है। इसके अलावा अभी शुक्रवार को पॉजिटिव मिले प्रधानपति के संपर्क में आने वाले 30 लोगों को ही क्वारंटीन किया गया है। इससे सैदाबाद इलाके में संक्रमण फैल सकता है। सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेई ने बताया कि जो भी बाबू के संपर्क में आया होगा, उसे चिह्नित कर क्वारंटीन किया जाएगा।
उधर लैब टेक्नीशियन की पत्नी के संपर्क में आने वाले लोगों की भी तलाश की जा रही है। गर्भवती होने के कारण महिला को एसआरएन में भर्ती कराया गया है और दारागंज इलाके में सैनिटाइजेशन का काम शुरू हा गया है। सीएमओ की सूचनानुसार शनिवार को जिले में 27201 प्रवासी व्यक्तियों का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य टीमों की ओर से अलोपीबाग इलाके में 460 घर, टिकरी एवं सैदाबाद में 1092 घर, लंगड़ीपुर कनिहार में 45 घर, कुसमीपुर में पांच घर, कसेरूआखुर्द में 32, प्रतापपुर के बीरापुर में 120 घरों का सैनिटाइजेशन कराया गया है।