ओवरलोड ट्रक रोकने पर प्रयागराज की सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अलका शुक्ला व उनकी टीम के साथ बृहस्पतिवार सुबह क्षेत्र के मेवालाल बगिया के समीप गाली-गलौज, धक्कामुक्की एवं मारपीट की गई।
ट्रक मालिक ने जांचदल को जान से मारने की भी धमकी दी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी की ओर से नैनी कोतवाली में ट्रक मालिक अमित कुमार सिंह पुत्र अरुण कुमार सिंह निवासी बेल्हा, कोसादा कलान, मेजा और ट्रक चालक प्रमोद कुमार पुत्र त्रिलोकीनाथ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। ओवरलोड ट्रक को सीज कर दिया गया है। ट्रक चालक पुलिस हिरासत में है, जबकि गाड़ी मालिक ट्रक की चाबी लेकर अपनी फॉर्च्यूनर से भाग निकला।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अलका शुक्ला के अनुसार सुबह वह प्रवर्तन स्टाफ मनोज कुमार, संदीप कुमार पांडेय तथा अन्य स्टाफ के साथ मेवालाल बगिया चौराहे के आसपास ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान एक ओवरलोड ट्रक गुजरा, जिसका नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं था। जांच दल ट्रक को रोककर चालक से अभी पूछताछ ही कर रहा था कि तभी फॉर्च्यूनर से ट्रक मालिक अमित कुमार सिंह आया और गाली-गलौज एवं हाथापाई करने लगा।
प्रवर्तन सिपाहियों से धक्कामुक्की की। पुलिस को सूचना देने पर वह चाबी लेकर मौके से फरार हो गया। जाते-जाते सहसों और अंदावा की तरफ चेकिंग करने आने पर जान से मारने की धमकी दी। उधर, परिवहन विभाग की टीम ने जब ट्रक का लॉकतोड़ कर उसमें लदे भार का कांटा कराया तो उसमें निर्धारित क्षमता से 14 टन गिट्टी अधिक लदी मिली। सहायक संभागीय अधिकारी ने नैनी कोतवाली में आरोपी के खिलाफ 323, 504, 506, 332, 353 आईपीसी 7 सीएलए के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।