इलाहाबाद से नई दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस जल्द ही एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच से लैस होगी। इलाहाबाद जंक्शन पर एलएचबी कोच का एक रैक भी पहुंच गया है। रेलवे प्रशासन को कुछ और नये कोचों का भी इंतजार है। कोच आते ही प्रयागराज एक्सप्रेस में एलएचबी कोच लग जाएंगे। जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर आठ के पास नए 25 कोच का रैक खड़ा किया गया है।
प्रयागराज एक्सप्रेस में एलएचबी कोच लगाने की तैयारी लंबे समय से की जा रही थी। वर्तमान में जो कोच प्रयागराज में लगे हैं, उसके मुकाबले एलएचबी हल्के हैं। इन कोचों में डिस्क ब्रेक लगे हैं। इससे ब्रेक लगने पर यात्रियों को झटके महसूस नहीं होंगे। साथ ही एक्सीडेंट होने की स्थिति में इन कोचों को नुकसान कम पहुंचता है। अभी जो कोच आए हैं उसमें सीटों की संख्या भी ज्यादा है।
स्लीपर में 72 की जगह 80, एसी थ्री में 64 की जगह 72, एसी टू में 42 की जगह 48 एवं एसी फर्स्ट में 18 की बजाय 24 सीटें हैं। जंक्शन पर 17 स्लीपर, पांच एसी थ्री, एक एसी टू और दो एसएलआर के कोच आए हैं। अभी जनरल और एसी टू के कुछ और कोच आने शेष हैं। बताया जा रहा है अभी गाजीपुर से हावड़ा के लिए चली नई ट्रेन के उद्घाटन में इस नये रैक का इस्तेमाल हुआ था, लेकिन इसे अब प्रयागराज में लगाया जाएगा। वर्तमान समय इलाहाबाद जंक्शन से गुजरने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम, पूर्वा एक्सप्रेस, कामायनी आदि ट्रेनों में इस्तेमाल हो रहा है।