कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण के बीच रोडवेज यात्रियों का सफर सुरक्षित हो इसके लिए परिवहन विभाग अब एक नई व्यवस्था करने जा रहा है। रोडवेज प्रशासन ने तय किया है कि प्रयागराज रीजन से लंबी दूरी की बसों की बीच रास्ते भी सफाई कर उसका सैनिटाइजेशन किया जाए। ताकि यात्रियों का साफ-सुथरी और सुरक्षित यात्रा का मौका मिले। शीघ्र ही रोडवेज प्रयागराज रीजन द्वारा संचालित लंबी दूरी की बसों में हर 200 किलोमीटर पर सफाई की व्यवस्था शुरू हो जाएगी।
वर्तमान समय प्रयागराज रीजन के जीरोरोड, लीडर रोड, प्रयाग, सिविल लाइंस, बादशाहपुर, लालगंज, प्रतापगढ़ एवं मिर्जापुर डिपो द्वारा 253 बसें लंबी दूरी की चलाई जा रही हैं। प्रयागराज की ही बात करें तो यहां से झांसी, उरई, शक्तिनगर, बरेली, दिल्ली, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, गोरखपुर, आजमगढ़ आदि के लिए नियमित रूप से बसें संचालित हो रही हैं।
कोरोना संक्रमण की वजह से देशभर में अभी चुनिंदा ट्रेनों का ही संचालन हो रहा है। इस वजह से रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। लेकिन लंबी दूरी की बसों में गंदगी के कारण लोग सफर में कतराते हैं। इसी वजह से रोडवेज ने क्विक क्लीयरिंग, ड्राई मोपिंग योजना प्रयागराज में शुरू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत हर 200 किमी पर बसों की सफाई होगी।
यानी की अगर कोई बस प्रयागराज से आगरा जा रही है तो वह शुरुआती स्टेशन से साफ सफाई के बाद ही निकलेगी। अगले 200 किमी के भीतर पड़ने वाले महत्वपूर्ण कानपुर बस स्टेशन पर बस रुकेगी। वहां आधुनिक मशीनों से महज दस मिनट में बसों के अंदर एवं बाहर सफाई कर दी जाएगी। बसों को सैनिटाइज भी किया जाएगा। इस दौरान सभी यात्रियों को बस से उतारा भी जाएगा। इतनी देर में यात्री चाय, नाश्ता आदि संबंधित बस स्टेशन पर सकते हैं। इस योजना के लागू होने के बाद सफर के दौरान यात्रियों को गंदगी का एहसास नहीं होगा।
- रोडवेज मुख्यालय में पिछले दिनों ही निर्णय लेकर ड्राई मोपिंग योजना लागू करने को कहा गया है। प्रयागराज रीजन में यह योजना शीघ्र ही लागू कर दी जाएगी। इससे यात्रियों को साफ-सफाई से युक्त सुरक्षित यात्रा करने को मिलेगी। टीकेएस बिसेन, क्षेत्रीय प्रबंधक, प्रयागराज ।