इलाहाबाद। ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे इलाहाबाद शहर को अब रिंग रोड से निजात मिलेगी। फूलपुर के सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के आग्रह पर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इलाहाबाद में भी रिंग रोड बनाने की घोषणा शुक्रवार को की है। लखनऊ में आउटर रिंग रोड के शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में नितिन गडकरी ने मंच से इलाहाबाद में रिंग रोड बनाने की बात कही।
यातायात की बढ़ती समस्या से निजात दिलाने के लिए इलाहाबाद में रिंग रोड की जरूरत अरसे से महसूस की जा रही है। इस बारे के महाकुंभ में यातायात को लेकर जिस तरह की समस्या खड़ी हुई, उसे देखते हुए भी रिंग रोड की आवश्यकता बढ़ गई है, क्योंकि 2019 में अर्द्धकुंभ और उसके बाद 2025 के महाकुंभ में भीड़ वर्ष 2013 में हुए महाकुंभ से कहीं ज्यादा होगी। यूपी के ज्यादातर बड़े शहरों में रिंग रोड या तो बन चुकी है या मंजूर हो चुकी है लेकिन इलाहाबादियों की दशकभर पुरानी मांग पर अब तक सरकार ने गौर नहीं किया। शुक्रवार को लखनऊ में आउटर रिंग रोड के शिलान्यास कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने मंच पर बैठे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्या से कहा कि वह इलाहाबाद के लिए भी केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से रिंग रोड मांग लें। साथ ही हंसते हुए कहा, गडकरी जी से जो मांगेंगे, उसे बिना लिए उन्हें लखनऊ से वापस दिल्ली नहीं जाने दूंगा। इस पर नितिन गडकरी ने इलाहाबाद में भी रिंग रोड देने की मंच से घोषणा की।
भेजा जा चुका है रिंग रोड का प्रस्ताव
इलाहाबाद विकास प्राधिकरण से जुड़े सहयुक्त नियोजन विभाग ने रिंग रोड का प्रस्ताव काफी पहले ही तैयार कर लिया था। करीन 40 किलोमीटर लंबी रिंग रोड में गंगा एवं यमुना पर तीन पुलों के साथ आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर सड़कों के ऊपर ओवर ब्रिज की योजना तैयार की गई। नक्शे में रिंग रोड की शुरूआत तेलियरगंज में एमएनएनआईटी चौराहा से की गई है। यहां से शुरू होकर रिंग रोड कैंट और नयापुरवा होकर गंगा के किनारे-किनारे बमरौली से आगे निकलेंगी। इसके लिए नयापुरवा से बमरौली तक गंगा किनारे तकरीबन आठ किलोमीटर लंबा बांध बनाना होगा। बमरौली से कानपुर रोड को ओवर ब्रिज से क्रास करती हुई रिंग रोड झलवा में खेलगांव के पीछे से होकर नैनी में एग्रीकल्चर संस्थान के पास स्थित बक्शी सोगड़ा गांव में निकलेगी। इसके लिए यमुना नदी पर पुल प्रस्तावित है।