इलाहाबाद। मई दिवस पर शुक्रवार को विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से हक के लिए आवाज बुलंद की। सभाएं, गोष्ठियों और जुलूस के माध्यमों से अपने शोषण के खिलाफ विरोध प्रदर्शित किया। मई दिवस आयोजन समिति की ओर से मजदूर कर्मचारी रैली और सुभाष चौराहे पर सभा आयोजित की गई।
मुख्य अतिथि रामजी राय ने शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित करने के बाद कर्मचारियों के हितों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में काम करने पर आरके जैन, डॉ. डी. मंडल, प्रो. उर्मिला जैन, सीताराम, एहतराम इस्लाम को सम्मानित किया गया। सीटू के जिलामंत्री हरिश्चंद्र द्विवेदी ने मई दिवस-2015 के प्रस्ताव को सबके सामने रखा। जिसमें विनाशकारी श्रम कानूनों को वापस लेने, सार्वजनिक क्षेत्रों में एफडीआई और भूमि अधिग्रहण के प्रस्तावों को वापस लेेने, झुग्गी झोपड़ियों में रहने वालों के लिए स्वास्थ्य और आवास की व्यवस्था करना, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को सरकार द्वारा लागू करने समेत 13 मांगे शामिल हैं। कार्यक्रम में कर्मचारी नेता सौरभ बोस, एसएन ठाकुर, सुभाष चंद्र पांडेय, प्रदीप, एसके मिश्र, शिवमूर्ति तिवारी समेत काफी संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कर्मचारी आडिट संघ की ओर से प्रधान महालेखाकार कार्यालय में महामंत्री सुनील सोनकर ने मई दिवस के महत्व और इतिहास पर प्रकाश डाला। सभी कर्मचारियों ने वर्तमान परिस्थितियों में मजदूरों, किसानों और कर्मचारियों के शोषण के विरुद्ध एकजुट होकर संघर्ष करने का निर्णय लिया। उप्र राज्य कर्मचारी महासंघ की पीडब्लूडी में हुई सभा में न्यायमूर्ति सभाजीत यादव ने कहा कि विकास के नाम पर उपजाऊ जमीनों का अधिग्रहण कर किसानों को बर्बाद किया जा रहा है। बहुराष्ट्रीय कंपनियों को विकास के लिए नहीं बल्कि प्राकृतिक संपदाओं की लूट के लिए बुलाया जा रहा है। सभा में सीडीओ अटल कुमार राय, विधायक अनुग्रह नारायण सिंह समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
उप्र राज्य संविदा कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों ने आजाद पार्क में मई दिवस के शहीदों को याद किया। इसके बाद सुभाष चौराहे तक जुलूस निकाला गया। मजदूरों के राष्ट्रीय नेता सुभाष कश्यप ने सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध किया। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्याम सूरत पांडेय ने कहा कि सरकार को श्रमिकों के प्रति अपनी सोच बदलनी होगी। हिंद मजदूर के बैनर तले विभिन्न यूनियनों के कर्मचारी अपने-अपने झंडे और बैनरों के साथ जुलूस के रूप में पावर कारपोरेशन जार्ज टाउन पहुंचे। जहां मई दिवस पर मारे गए मजदूरों को याद करने के साथ ही अपने हक के लिए आवाज बुलंद की।
इलाहाबाद मेडिकल वर्कर्स यूनियन ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर श्रम कानून को लागू करने की मांग की। राष्ट्रीय डाक कर्मचारी संघ की ओर से कचहरी प्रधान डाकघर में हरिचरण यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारियों के हितों के लिए हमेशा संघर्ष करते रहने का संकल्प लिया। मंजिल संस्था की ओर से अल्लापुर लेबर चौराहा में एक मजबूर मजदूर नाटक का मंचन किया गया। जलकल कर्मचारी कल्याण सेवा समिति के सदस्यों ने मई दिवस के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही समस्याओं के निस्तारण के साथ ही शहर की बढ़ती जनसंख्या के हिसाब से कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि की मांग की गई।
रोजी रोटी बचाओ मोर्चा, आल इंडिया वर्कर्स कौंसिल, नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन, वॉयर मैंस इलेक्ट्रीकल्स वर्कर्स वेलफेयर सोसायटी, इलाहाबाद मजदूर वेलफेयर समिति, वाईएमसीए सेंटरी स्कूल एवं कॉलेज, गंगा गुरुकुलम समेत विभिन्न संगठनों और शिक्षण संस्थानों में मजदूर दिवस मनाया गया।