सरायअकिल कोतवाली के सिहोरवा गांव में हुए तबरेज हत्याकांड का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। तबरेज की हत्या उसकी बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। घटना के पीछे प्रेमप्रसंग में पिता का रोड़ा बनना बताया गया। रविवार को हत्यारोपी बेटी व उसके प्रेमी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
रविवार को पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी समर बहादुर सिंह ने बताया कि 29 दिसंबर को सिहोरवा निवासी तबरेज की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। तबरेज अपने पड़ोसी के यहां सो रहा था। मामले में मृतक की पत्नी शबीना ने अज्ञात कातिलों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
पुलिस ने विवेचना के दौरान पाया कि तबरेज की बेटी सुमैया का पुरखास गांव के रेहान से प्रेमप्रसंग था। दोनों की दोस्ती इलाके के एक इंटर कॉलेज में पढ़ने के दौरान हुई थी। इसकी जानकारी होने पर तबरेज ने उनके मिलने पर पाबंदी लगा दी और सुमैया का स्कूल जाना भी बंद करा दिया। इसके बाद रेहान व सुमैया अक्सर परिजनों से छिपकर मिलते थे। इसकी जानकारी होने पर तबरेज अक्सर बेटी को पीटा करता था। इसी बात को लेकर सुमैया ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या करने की साजिश रची।
29 दिसंबर की रात उसने अपने प्रेमी को फोन करके जानकारी दी कि उसके अब्बा पड़ोसी के यहां सो रहे हैं। साजिश के तहत रेहान मौके पर पहुंचा और उसने कुल्हाड़ी से हमला कर तबरेज को मौत के घाट उतार दिया। रविवार को पुलिस ने सुमैया व रेहान को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली और दोनों को जेल भेज दिया।