retired employee of au got low pension
प्रयागराज। इविवि को यूजीसी से मिलने वाले रेकरिंग हेड के बजट में अक्तूबर माह में कटौती कर की गई। इससे पेंशन विवि से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पूरी पेंशन नहीं मिल सकी। कोरोना संकट के चलते यूजीसी की ओर से इविवि को अक्तूबर में रेकरिंग हेड में सात करोड़ कम भेजे गए। पेंशन भोगियों को हुई परेशानी के बाद इविवि की ओर से यूजीसी को ई-मेल करके बजट की मांग की गई है। पता चला है कि इविवि के अतिरिक्त देश के दूसरे केंद्रीय विश्वविद्यालयों को कम बजट भेजा गया है।
इविवि में लगभग 1530 अवकाश प्राप्त शैक्षणिक एवं गैर शैक्षिक कर्मचारियों को रेकरिंग हेड के बजट से पेंशन का भुगतान किया जाता है। इसी बजट से शोधछात्रों को छात्रवृत्ति का भुगतान भी होता है। अक्तूबर माह में विवि की ओर से रेकरिंग हेड में 12 करोड़ की मांग की गई थी, जबकि यूजीसी से मात्र चार करोड़ नौ लाख ही मिल सका। इविवि के वित्त अधिकारी डॉ. सुनीलकांत मिश्र ने बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है कि विवि की ओर से डिमांड के अनुसार बजट नहीं आया है। यूजीसी को दो बार ई-मेल कर बजट की मांग की गई है, जिससे हम पूर्व कर्मचारियों के अवशेष पेंशन का भुगतान कर सकें।