महोबा के क्रशर व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के मामले में फरार चल रहे आईपीएस मणिलाल पाटीदार के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई होगी। दीवाली तक वह हाजिर नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के लिए कोर्ट में अर्जी दी जाएगी।
महोबा के क्रशर प्लांट व्यापारी की मौत के मामले में तत्कालीन एसपी मणिलाल पाटीदार समेत अन्य को नामजद किया गया था। बाद में उन्हें निलंबित भी कर दिया गया था। मामले में नामजद किए जाने के बाद से ही वह फरार चल रहे हैं। पिछले दिनों मृतक व्यापारी के परिजनों की शिकायत पर रेंज एसआईटी से विवेचना स्थानांतरित कर जोनल एसआईटी को सौंप दी गई थी। जिसने पिछले दिनों गैरजमानती वारंट जारी कराकर संबंधित नोटिस फरार आईपीएस के राजस्थान स्थित घर पर चस्पा किया था।
हालांकि अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। मामले में प्रयागराज क्राइम ब्रांच की टीम भी उनकी तलाश में लगाई गई है जिसने राजस्थान पहुंचकर कई जगहों पर दबिश दी। मामले में अब फरार आईपीएस के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई किए जाने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, दीवाली बाद एसआईटी की ओर से कोर्ट में इसके लिए अर्जी दी जा सकती है। अनुमति मिलने पर फरार आईपीएस के घर पर कुर्की की कार्रवाई से संबंधित नोटिस चस्पा किया जाएगा।
इसके बावजूद वह हाजिर नहीं हुए, तो कोर्ट की अनुमति से संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। विवेचक आशुतोष मिश्रा का कहना है कि फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है। एनबीडब्ल्यू तामीला करा दिया गया है। तय समय में वह हाजिर नहीं होते हैं तो कुर्की की कार्रवाई के लिए कोर्ट में अर्जी दी जाएगी।