फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डॉ. कार्तिकेय शर्मा के अपहरण के बाद राजेश यादव जुड़ गया था मुंबई अंडरवर्ल्ड से

Sat, 10 Oct 2020 01:12 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन का शार्प शूटर राजेश यादव। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

अंडरवर्ल्ड से जुड़े शातिर अपराधी राजेश यादव का घर शुक्रवार को जमींदोज कर दिया गया। वर्ष 2000 के बाद राजेश ने श्लोक पंडित के साथ जरायम की दुनिया में कहर बरपा दिया। दोनों ने 2004 में शहर के चर्चित डॉक्टर कार्तिकेय शर्मा का अपहरण कर पूरे प्रदेश में तहलका मचा दिया था। मुंबई के बहुचर्चित काला घोड़ा शूटआउट में नाम आने के बाद राजेश अपराध की दुनिया का बड़ा नाम बन गया था। बाद में उसे गिरोह के लिए शूटर भर्ती करने की जिम्ेमदारी दी गई थी। पिछले कुछ सालों में राजेश यादव का नाम जमीन की खरीद फरोख्त और रंगदारी में अक्सर आता था।

विज्ञापन
Trending Videos

prayagraj news : झूंसी में छोटा राजन के शार्प शूटर राजेश यादव का मकान पीडीए ने ढहा दिया। - फोटो : prayagraj
डा. कार्तिकेय शर्मा को 2004 में सिविल लाइंस में उनके घर के पास से ही उठा लिया गया था। पुलिस ने जांच शुरू की तो राजेश यादव और श्लोक पंडित के नाम सामने आए। पुलिस उन्हें पकड़ने का प्रयास करती रही। मामला प्रदेश स्तर तक चर्चित रहा और तत्कालीन डीजीपी खुद पर्यवेक्षण करने लगे। करीब दस दिन बाद कार्तिकेय शर्मा छूटकर वापस आए। वह तो वापस आए गए लेकिन राजेश और श्लोक जरायम की दुनिया का बड़ा नाम बन गए थे। पुलिस ने श्लोक को वाराणसी में मुठभेड़ में मार गिराया। राजेश मुंबई भाग निकला था। इसी दौरान उसकी मुलाकात छोटा राजन के एक करीबी से हुई और वह राजन गिरोह से जुड़ गया।

छोटा राजन (फाइल फोटो)
16 अक्टूबर 2006 को मुंबई में काला घोड़ा इलाके में दिन दहाड़े शूटआउट हुआ था। इसे छोटा राजन ने अपने गुर्गों से अंजाम दिलवाया था। बाद में पता चला कि राजन ने इसे अपने यूपी वाले गिरोह यानी राजेश यादव और खान मुबारक (अंबडेकरनगर) के माध्यम से करवाया। खान के भाई जफर सुपारी के पकड़े जाने के बाद बच्चा पासी को पुलिस ने उठा लिया था। राजेश, बच्चा के अलावा अशोक नगर के नीरज बाल्मीकि और झूंसी के आशीष मिश्रा का भी नाम काला घोड़ा शूटआउट में आया था। इस कांड के बाद छोटा राजन इतना खुश हुआ कि उसने राजेश यादव को नए शूटरों को गिरोह से जोड़ने की जिम्मेदारी दे दी। पिछले कुछ सालों से राजेश जमीन की खरीद फरोख्त और रंगदारी के धंधे में है। जरायम के पैसों से उसने करोड़ों की संपत्ति बना ली है।
विज्ञापन

prayagraj news : झूंसी में छोटा राजन के शार्प शूटर राजेश यादव का मकान पीडीए ने ढहा दिया। - फोटो : prayagraj

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सिपाही ने ऑनलाइन दिखाई

पीडीए के तोड़ू दस्ते की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को व्हाट्सएप के वीडियो कॉल पर ऑनलाइन दिखाते एक सिपाही की खूब चर्चा रही। उक्त सिपाही खुलेआम किसी खास को व्हाट्सएप वीडियो कॉल कर पूरी कार्रवाई दिखा रहा था। जब मीडियाकर्मियों की नजर उस पर पड़ी तो वह वहां से हट गया।

कचहरी डाकघर लूट कांड से दहल गया था शहर

शहर में 16 अक्टूबर 2006 की शाम दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया गया था। हथियारबंद शूटरों ने कचहरी डाक घर पर हमला कर दिया था। उन्होंने गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी थी और लूट का प्रयास किया था। इस कांड में छोटा राजन गैंग के राजेश यादव, बच्चा पासी, खान मुबारक, जफर सुपारी, ओसामा और नीरज बाल्मीकि का नाम आया था। बाद में ओसामा और नीरज बाल्मीकि की हत्या हो गई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें