Prayagraj News : भारत दर्शन ट्रेन।
- फोटो : प्रयागराज
भारत दर्शन ट्रेनों के संचालन के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) द्वारा प्रयागराज को हब के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू की गई है। आने वाले समय में भारत दर्शन, दक्षिण भारत, ज्योतिर्लिंग स्पेशल आदि ट्रेनों का संचालन प्रयागराज से ही किया जाएगा। इस माह दक्षिण भारत दर्शन यात्रा ट्रेन 27 नवंबर से संचालित की जा रही है। इसके बाद दिसंबर में ज्योतिर्लिंग स्पेशल ट्रेन भी प्रयागराज से ही चलाई जाएगी।
आईआरसीटीसी के अफसरों का मानना है कि प्रयागराज सांस्कृतिक, धार्मिक आदि मायनों में यूपी का महत्वपूर्ण शहर है। पिछले माह यहां 21 अक्तूबर को पहली बार प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन से ज्योतिर्लिंग स्पेशल ट्रेन चलाई गई गई थी। काफी कम समय में यह ट्रेन फुल हो गई। अब इसी कड़ी में 27 नवंबर से दक्षिण भारत दर्शन यात्रा ट्रेन का संचालन सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन प्रयागराज से किया जा रहा है।
12 रात एवं 13 दिनों के 12285 रुपये के पैकेज में इस ट्रेन से रामेश्वरम, मदुरई (मीनाक्षी मन्दिर), कोवलम बीच, तिरूवनंतपुरम (पद्मनाभम् मंदिर), कन्याकुमारी, तिरुपति, मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग आदि की यात्रा शामिल है। इसकी बुकिंग प्रयागराज जंक्शन स्थित आईआरसीटीसी ऑफिस और 8090677345 नंबर से हो रही है। दिसंबर में एक बार फिर से ज्योतिर्लिंग स्पेशल ट्रेन प्रयागराज संगम से चलाई जाएगी।
आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रयागराज में ट्रेन ऑपरेशन के लिए प्रयागराज संगम, सूबेदारगंज और प्रयागराज रामबाग स्टेशन मुफीद है। आने वाले समय में यहां से कई अन्य भारत दर्शन ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। यहां से चलने वाली ट्रेनों में प्रयागराज के साथ प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर स्टेशन से भी यात्रियों के बैठने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।