फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच हॉस्टलों में छापेमारी, 174 कमरे सील

Sat, 20 Apr 2019 01:32 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
1 of 6
pcb - फोटो : प्रयागराज
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में छापेमारी की कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी रही। भारी पुलिस बल, पीएसी एवं आरएएफ के जवानों की मौजूदगी में पुलिस अफसरों ने करीब बारह घंटे तक विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ मिलकर केपीयूसी, जीएन झा छात्रावास, राधाकृष्णन छात्रावास, हिंदू छात्रावास एवं शताब्दी छात्रावास में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान इन सभी छात्रावासों से कुल 174 कमरों में अवैध कब्जे मिले। इनमें केपीयूसी हॉस्टल में सबसे अधिक 74 कमरों में अवैध कब्जे थे। पुलिस ने इस सभी को खाली कराकर इनमें ताला बंद करा दिया। पुलिसिया कार्रवाई से इन सभी हॉस्टलों में पूरे समय खलबली रही। 


कर्नलगंज सीओ श्रीश्चंद्र की अगुवाई में सुबह आठ बजे से कई थानों के पुलिस बल के साथ छापेमारी अभियान शुरू हुआ। विश्वविद्यालय अधिकारियों की मौजूदगी में एक-एक कमरे की तलाशी ली जाने लगी। कई छात्रों ने कमरे की रसीद तो दिखाई लेकिन, भीतर विषय से संबधित कोई कॉपी-किताब नहीं दिखा सके। इन छात्रों को भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने चिन्हित किया है। बता दें कि कुछ दिनों पहले पीसीबी हॉस्टल में हत्या की वारदात के बाद हाईकोर्ट ने जिले की कानून व्यवस्था को लेकर सख्त टिप्पणी की थी। इसके बाद से ही पुलिस हरकत में आई और उसने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की।

अभी तक ताराचंद व पीसीबी समेत अन्य हॉस्टलों से करीब डेढ़ सौ कमरों से अवैध कब्जे हटवाए जा चुके हैं जबकि, आज बारह घंटे के दौरान सबसे अधिक 174 कमरे खाली कराए गए। केपीयूसी हॉस्टल में ही सबसे अधिक 74 कमरे में अवैध कब्जे मिले। इनमें रहने वाला अपना कोई भी परिचय पत्र नहीं दिखा सका। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत इनका सामान बाहर निकलवाकर कमरे में ताला बंद करा दिया। यहां से पुलिस बल सर गंगानाथ झा हॉस्टल पहुंचा। पुलिस बल के पहुंचने पर छात्रों में हड़कंप मच गया। यहां भी एक-एक कमरों की तलाशी हुई।

यहां भी कई कमरों में ताला बंद मिला। जांच पड़ताल में कई कमरे मालूम चला, जिसमें अवैध तरीके से कब्जा जमाया गया था। यहां भी कमरा जिस छात्र के नाम से आवंटित है, उसकी जगह कमरे में किसी दूसरे का सामान रखा मिला। ऐसे कमरों से सामान बाहर कराकर पुलिस ने इनको सील कर दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक जीएन झा में 42 कमरे अवैध कब्जे से खाली कराए गए। करीब दो घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद पुलिस बल राधाकृष्ण हॉस्टल पहुंचा। यहां स्थिति पहले के दोनों हॉस्टलों से कुछ बेहतर नजर आई।

सभी कमरों की तलाशी लेने के बाद यहां 27 कमरे ही अवैध कब्जेधारकों के मिले। पुलिस ने यहां भी नए ताले लगवा दिए। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते कहीं भी हंगामा नहीं हुआ। यहां से पुलिस बल हिन्दू छात्रावास पहुंचा। इसके सभी ब्लॉकों में तलाशी के दौरान 35 कमरों में अवैध कब्जे मिले। यहां से पुलिस टीम शताब्दी छात्रावास पहुंची लेकिन, यहां पुलिस को सब कुछ ओके मिला। कमरों की तलाशी लेने के बाद यहां कोई भी अवैध कब्जा नहीं मिला।

तीसरे दिन नहीं सीज हुआ कोई वाहन
प्रयागराज। दो दिन से चल रही कार्रवाई के चलते तकरीबन सभी हॉस्टलों से दो पहिया एवं चार पहिया वाहन हटा दिए गए। इस वजह से पुलिस को आज छह हॉस्टलों में छापेमारी के दौरान भी कोई वाहन नहीं मिला जबकि कार्रवाई के पहले दिन पुलिस ने कई दुपहिया वाहन सीज किए थे। इसके अलावा आज कमरों से अधिक आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद नहीं हुईं जबकि कार्रवाई की शुरूआत में हॉस्टलों से बम बनाने के समान, अवैध असलहों समेत दूसरी कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई थीं। कुछ हॉस्टलों में बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें भी मिली थीं। पुलिस के मुताबिक इन्हीं सबके चलते यहां अराजकतत्वों का जमावड़ा लगता था।
विज्ञापन

2 of 6
hostel allahabad university - फोटो : प्रयागराज
हिंदू हॉस्टल में कार्रवाई के  दौरान पुलिस को जेल में बंद सचिन पंडित के नाम से भी एक कमरा बंद मिला। पुलिस के मुताबिक छात्रसंघ चुनाव लड़ चुका सचिन पंडित जानलेवा हमले के एक मामले में जेल में बंद है। विश्वविद्यालय प्रशासन की मौजूदगी में जब कमरे का ताला तोड़ा गया तब भीतर से उसके बहुत से कागजात बरामद हुए। छानबीन में मालूम चला कि उसे पेइंग गेस्ट के तौर पर यहां ठहराया गया था। 
विज्ञापन

3 of 6
hostel allahabad university - फोटो : प्रयागराज
जीएन झा हॉस्टल के मेस में पान मसाले के तकरीबन तीन दर्जन छोटे डिब्बे मिले। पुलिस के मुताबिक इन डिब्बों का इस्तेमाल बम बनाने में किया जाता था जबकि छात्रों का कहना था कि मसाले आदि रखने के लिए मेस में इन डिब्बों का इस्तेमाल होता था।

4 of 6
hostel allahabad university - फोटो : प्रयागराज
प्रयागराज। छात्रावासों में अकसर सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए अब प्रत्येक हॉस्टल की नियमित तौर पर निगरानी रखने की व्यवस्था बनाई जा रही है। सीओ कर्नलगंज श्रीश्चंद्र के मुताबिक इसके लिए प्रत्येक हॉस्टल में एक दारोगा समेत चार सिपाहियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। यह सभी हॉस्टलों पर निगरानी रखेंगे। आपराधिक वृत्ति वाले छात्रों की गतिविधियों पर भी निगाह रखी जाएगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ मिलकर सभी हॉस्टलों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की भी तैयारी की जा रही है। 
विज्ञापन

5 of 6
hostel allahabad university - फोटो : प्रयागराज
जीएन झा हॉस्टल मेें छापेमारी के दौरान युवक छत से एक मोबाइल एवं कैमरा फेंककर भाग गया। पुलिस जब तक उसके पीछे जाती युवक फरार हो गया। पुलिस इस मोबाइल एवं कैमरा को लूट अथवा चोरी का होने का अंदेशा जता रही है। पुलिस ने कैमरा एवं मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया है।       
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
hostel allahabad university - फोटो : प्रयागराज
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रावासों में मिले सभी अवैध कब्जेधारकों के खिलाफ अब तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कर्नलगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इंस्पेक्टर कर्नलगंज अनूप सिंह के मुताबिक चीफ प्रॉक्टर प्रो.रामसेवक दुबे की तहरीर पर कुल 315 अवैध कब्जेधारकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें 174 अवैध कब्जेधारक शुक्रवार को छह हॉस्टलों में मिले थे जबकि, 91 कब्जेधारक गुरुवार को एवं 50 कब्जेधारक बुधवार को कार्रवाई के दौरान पकड़ में आए थे।

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें