इलाहाबाद। रविवार का दिन ट्रेनों में सफर करने वाले आम मुसाफिरों के लिए मुश्किल भरा साबित हुआ। यूपीपीसीएस, एसएससी की भर्ती और क्लैट एवं इविवि की ओर से आयोजित प्रवेश परीक्षा में परीक्षार्थियों की भारी भीड़ की वजह से इलाहाबाद जंक्शन से गुजरने वाली सभी प्रमुख ट्रेनें ठसाठस हो गईं। परीक्षा खत्म होने के बाद ट्रेनों में जगह न मिलने की वजह से काफी परीक्षार्थियों ने आरक्षित कोचों में ही कब्जा कर लिया। इससे उन लोगों को खासी परेशानी हुई जिनका रिजर्वेशन ट्रेनों में पहले से ही था लेकिन आज उन्हें अपनी ही सीट से बेगाना हो जाना पड़ा। इस बीच आज गाड़ी संख्या 12324 हावड़ा सुपरफास्ट के निरस्त हो जाने से भी यात्रियों को परेशानी हुई।
इन सभी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने के लिए आज हजारों की संख्या में परीक्षार्थी इलाहाबाद पहुंचे। परीक्षा समाप्त होने के बाद जिस जो ट्रेन मिली, वह उसी में बैठ गया। भारी तपिश के बीच आज इलाहाबाद जंक्शन से गुजरने वाली तमाम ट्रेनों के स्लीपर कोचों की आरक्षित सीटों में बैठने को लेकर परीक्षार्थियों की यात्रियों से खूब झड़प हुई। शाम को फैजाबाद जाने के लिए प्लेटफार्म पर खड़ी सरयू एक्सप्रेस में बैठने को लेकर कुछ परीक्षार्थियों की भिड़ंत यात्रियों से हो गई। आरपीएफ ने बाद में किसी तरह से मामला शांत कराया।
उधर लंबी दूरी की ट्रेनों में रिजर्वेशन होने के बावजूद यात्रियों को खड़े होकर ही सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा। मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में भी आज आरक्षित कोचों में काफी परीक्षार्थी घुस गए। नौचंदी, जोधपुर एक्सप्रेस, अजमेर-सियालदाह आदि ट्रेनों में भी परीक्षार्थियों की आज खूब भीड़ गई। सुरक्षा बलों के आने के बाद भी इसमें से अधिकांश ने स्लीपर कोच नहीं छोड़ा। इतना ही जंक्शन स्थित जनता भोजनालय में भी आज परीक्षार्थियों की खूब भीड़ जुटी। प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित इस भोजनालय में परीक्षार्थियों को खाने के लिए लंबी लाइन लगानी पड़ी। वहीं दूसरी ओर दो रोज पहले हुए मालगाड़ी हादसे के चलते सोमवार को 12322 मुंबई मेल, 12312 कालका मेल इलाहाबाद जंक्शन नहीं आएंगी।