इलाहाबाद। पैसों के विवाद में कुछ लोगों ने उतरांव इलाके से एक प्रापर्टी डीलर को अगवा करने के बाद लाखों रुपये फिरौती मांग पुलिस और परिजनों में खलबली मचा दी। सोमवार दोपहर एक दोस्त ही उसे घर से बुलाकर बाइक पर ले गया था। फिर तीन घंटे बाद उसके घरवालों को साढ़े तीन लाख रुपये फिरौती के फोन आने लगे। परिजनों को धमकी दी गई कि पैसे नहीं दिए तो उनके बेटे को मार दिया जाएगा। खबर मिली तो क्राइम ब्रांच ने अपहर्ताओं की तलाश शुरू की। मंगलवार रात धूमनगंज के कछारी से चार लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस टीम ने युवक को बरामद कर लिया।
उतरांव के बरेठी टिकरी गांव निवासी किसान राजप्रताप सिंह के दो पुत्र हैं नितिन और विपिन। पुलिस के मुताबिक बड़े नितिन ने कुछ समय पहले सरायइनायत के तेंदुई गांव निवासी प्रमोद सिंह से जमीन खरीदी थी। उनके बीच पैसों का विवाद हो गया। सोमवार दोपहर प्रमोद बाइक पर नितिन के घर आया और उससे कहा कि चलो मेरे गांव में प्रदीप के साथ बैठकर हिसाब करना है। घर से वह नितिन को सहसों की तरफ ले गया। वहां उसे बदमाशों ने बड़ी गाड़ी में खींच लिया। इसके बाद शाम पांच बजे बदमाशों ने नितिन से छोटे भाई विपिन को फोन करवाया। नितिन ने भाई से कहा कि साढ़े तीन लाख रुपये का इंतजाम कर इन लोगों को नहीं दिया तो मुझे मार डालेंगे। फिर बदमाश दूसरे नंबरों से नितिन के भाई और पिता को फोन करने लगे।
वे साढ़े तीन लाख रुपये फिरौती मांगते रहे। मंगलवार दोपहर तक बदमाश 50 हजार रुपये ही पर ही राजी हो गए। नितिन के भाई विपिन को पैसे लेकर शहर में ट्रांसपोर्ट नगर चौकी के आगे आने को कहा गया। शहर रवाना होते समय परिजनों ने उतरांव थाने में नितिन के अपहरण की सूचना दी तो एसएसपी ने क्राइम ब्रांच को सक्रिय किया। रात करीब आठ बजे विपिन एक सिपाही को बाइक पर बैठाकर ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचा। इंडीकेटर देख कुछ मिनट बाद लुंगी और कमीज पहने एक बदमाश बाइक पर उसके पास आया और पीछे चलने के लिए कहा। बस इतने में क्राइम ब्रांच ने उसे दबोच लिया। सख्ती किए जाने पर बदमाश ने बताया कि नितिन को लेकर उसके साथी साथी बेगमसराय के पीछे गंगा कछार में बैठे हैं। इस पर पुलिस टीम ने कछार में छापा मारा और नितिन को बरामद कर भगा रहे तीन लोगों को पकड़ लिया। फिर प्रमोद भी पकड़ में आ गया। पकड़े गए लोगों को कैंट थाने ले जाया गया। नितिन से एसएसपी ने भी बात की। पुलिस का कहना है कि नितिन के अपहरण के पीछे जमीन की खरीद-फरोख्त में पैसों का विवाद है।
तुम इसे दो पैसा तब यह मेरा चुकता करे
इलाहाबाद (ब्यूरो)। अपहरण की इस घटना में पैसों का ही झगड़ा सामने आया है। फिरौती के लिए बार-बार फोन करने वाले बदमाशों से नितिन के एक करीबी ने बात की। बदमाश ने कहा कि प्रमोद पर हमारा छह लाख रुपये बकाया है। नितिन के घरवाले प्रमोद को साढ़े तीन लाख रुपये दें तो हम उससे पैसे लें। हालांकि देरी होने से बदमाश इस कदर घबरा गए कि साढ़े तीन लाख की बजाय 40-50 हजार पर ही आ गए। यह भी पता चला कि नितिन को सोमवार रात बेगमसराय के पास किसी घर में रखा गया था लेकिन दोपहर बाद उसे बदमाश कछार में लेकर चले गए।