थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार शाम सात बजे के करीब ग्राम प्रधान के बेटे ने अपने साथी के साथ मिलकर तमंचे के बल पर एक किशोरी को अगवा कर लिया। किशोरी के भाई ने देखा तो वह शोर मचाते हुए घर गया और परिवार वालों को बताया। परिवार के लोग आरोपियों से शिकायत करने पहुंचे तो आरोपियों के घरवालों ने गाली गलौज हुए उन्हें पीट दिया। जिसमें लड़की के पिता व दो भाईयों व अन्य को चोट आई हैं। पुलिस ने दो अपहरणकर्ताओं समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। जिसमें से तीन लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है लेकसिन अपहृत किशोरी और अपहरणकर्ताओं समेत चार लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद से गांव में तनाव बना हुुुआ है।
कौंधियारा थाना क्षेत्र के एक गांव का दलित परिवार मेहनत मजूदरी करके आजीविका चलाता है। उनकी 16 वर्षीय किशोरी मंगलवार की शाम पास की बाजार अकोढ़ा से सब्जी खरीदकर वापस लौट रही थी। गांव से पहले रास्ते में बाइक से दो लड़के आए और तमंचे के बल पर उसे अगवा कर ले गए। लड़की के भाई ने यह देखा तो शोर मचाते हुए घर गया।
उसके मां-बाप को अपहरण की कहानी पता चली तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। पीड़ित परिवार आरोपी प्रधान पुत्र के घर शिकायत लेकर पहुंचे तो वहां उल्टा आरोपियों के परिवार वालों ने पीड़ितों पर ही हमला बोल दिया। जिसमें लड़की के दो भाई एवं पिता घायल हो गए। पीड़ित परिवार भागकर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरणकर्ता महफूज पुत्र मो. हसनैन व मो. सोहराब पुत्र सिराजुद्दीन व मो. इब्राहिम, मो. हसनैन, मो. शहनशाह व खुस्सु के खिलाफ अपहरण, मारपीट समेत विभिन्न संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज किया गया। पुलिस ने इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से अपहरण के मुख्य आरोपी महफूज की मां वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। पुलिस के अनुसार अपहृत किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। उसके घायल परिजनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। बाकी आरोपियों और अपहृत किशोरी की तलाश की जा रही है।