उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने 19 अप्रैल को प्रस्तवित प्राचार्य भर्ती परीक्षा को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया है। आयोग ने यह निर्णय लॉक डाउन के मद्देनजर लिया है। इससे पूर्व भी कोरोना वायरस संक्रमण के कारण आयोग ने यह परीक्षा स्थगित की थी। यह परीक्षा तीसरी बार स्थगित की गई है।
यूपीएचईएससी को विज्ञापन संख्या 49 के तहत प्राचार्य के 290 पदों पर भर्ती करनी है। इनमें स्नातकोत्तर पुरुष के 134, स्नातकोत्तर महिला के 30, स्नातक पुरुष के 105 और स्नातक महिला के 21 पद हैं। प्राचार्य पद पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा सबसे पहले एक मार्च को प्रस्तावित थी लेकिन परीक्षा कराने वाली एजेंसी का चयन न हो पाने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया।
इसके बाद दूसरी तिथि 29 मार्च निर्धारित की गई लेकिन इस बीच कोरोना वायरस संक्रमण तेजी से फैलने लगा और पूरे देश में लॉक डाउन हो गया। इसके देखते हुए आयोग ने 29 मार्च को प्रस्तावित परीक्षा भी स्थगित कर दी और इसके लिए नई ितथि 19 अप्रैल निर्धारित की। लॉक डाउन को देखते हुए आयोग ने इस बार लिखित परीक्षा को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया है।
यूपीएचईएससी की सचिव वंदना त्रिपाठी के अनुसार लिखित परीक्षा की अगली तिथि भविष्य में विज्ञप्ति के माध्यम से जारी की जाएगी। अभ्यर्थी सूचनाओं के लिए आयोग की वेबसाइट को नियमित रूप से देखते रहें।