Prayagraj News : पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ को श्रद्धांजलि देते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : अमर उजाला।
केशरी नाथ त्रिपाठी को उनकी सेवा के लिए हमेशा याद किया जाएगा। वे सांविधानिक मामलों के अच्छे जानकार थे। उन्होंने यूपी में भाजपा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्य की प्रगति के लिए भी उन्होंने कड़ी मेहनत की। उनके निधन से आहत हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों को मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।
- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री।
पिछले माह ही बाथरूम में गिरने की वजह से केशरीनाथ के दाहिने कंधे में फ्रैक्चर हो गया था। उसके बाद 30 दिसंबर की सुबह उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उनके पुत्र नीरज त्रिपाठी ने बताया कि वर्ष 2020 में कोरोना पॉजिटिव होने के बाद से ही उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता था। तब से अब तक वह चार-पांच बार कोरोना पॉजिटिव हुए। आईसीयू में एडमिट होने के बाद वह चार जनवरी को ही अस्पताल से डिस्चार्ज हुए।
घर मेें आने के बाद भी उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। इस दौरान घर पर ही उनकी फिजियोथैरेपी चल रही थी। शनिवार को उनकी तबीयत एक बार फिर बिगड़ी। इस बीच चिकित्सकों ने उनकी जांच की। तय हुआ कि रविवार की सुबह उन्हें पीजीआई लखनऊ ले जाया जाएगा, लेकिन सुबह पांच बजे ही उनका निधन हो गया।
कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी आदि नेता भी उनके अंतिम दर्शन के लिए प्रयागराज पहुंचे। सभी नेताओं ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया। उनकी अंतिम यात्रा में भी लोगों की काफी भीड़ उमड़ी। उन्हें राजकीय सम्मान के साथ पूर्व राज्यपाल को विदाई दी गई।
ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन की सूचना से दुखी हूं। उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और गरीब एवं वंचित वर्ग के कल्याण के प्रति वे जीवन भर समर्पित रहे। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे। ओम शांति। - अमित शाह, गृहमंत्री
मैं पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करती हूं। वह महान व्यक्ति थे। देश के लिए उनका योगदान हम सभी के मन में रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति मिले। - ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल