आयोग के सूत्रों का कहना है कि जल्द ही एक बार फिर निदेशकों की बैठक बुलाई जानी है, ताकि भर्ती की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके। सबकुछ ठीक रहा तो मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत में नई भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। वहीं, अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के एक हजार पद रिक्त हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय जल्द ही इन रिक्त पदों का अधियाचन आयोग को भेजने की तैयारी कर रहा है।
इसके अलावा शिक्षा सेवा चयन आयोग को अल्पसंख्यक महाविद्यालयों एवं अटल आवासीय विद्यालयों में भी शिक्षक भर्ती की जिम्मेदारी दी गई है, सो इन भर्तियों को शुरू करने के लिए भी संबंधित विभागों से रिक्त पदों का अधियाचन मांगा गया है। वहीं, परिषदीय विद्यालयों को भी सहायक अध्यापक के रिक्त पदों का ब्योरा आयोग को उपलब्ध कराना है।
फिलहाल, आयोग फरवरी में प्रस्तावित असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा कराने की तैयारी में जुट गया है। इस परीक्षा के माध्यम से अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1017 पदों पर भर्ती की जानी है। इस परीक्षा के बाद आयोग अप्रैल में अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी के 4163 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा कराएगा, जिसके लिए 13 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।