प्रयागराज। मौसम का मिजाज शनिवार को भी खराब रहा। सूरज बादलों के बीच छिपा रहा। इससे पारे में गिरावट आई। आर्द्रता भी उच्चतम स्तर पर बनी रही। दिन और रात के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रविवार को बारिश के आसार बने हुए हैं।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान जहां 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया वहीं शनिवार को यह 2.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 24.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। रात का तापमान भी 1.3 डिग्री सेल्सियस गिरा। शनिवार को यह 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। अधिकतम आर्द्रता जहां 100 फीसदी पर बनी रही वहीं न्यूनतम आर्द्रता 16 फीसदी बढ़कर 86 पर पहुंच गई। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती हवाओं से रविवार को भी बारिश के आसार बने रहेंगे।