इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 16 वर्षों के अंतराल के बाद दो दिनी पुराछात्र सम्मेलन शनिवार से शुरू हो गया। समारोह में सुप्रीम कोर्ट एवं हाईकोर्ट के कई वर्तमान और सेवानिवृत्त जज शामिल हों रहे हैं। इनके अलावा देश-प्रदेश में शीर्ष पदों पर काबिज अफसर, फिल्मी हस्तियाें समेत कई प्रमुख लोग समारोह का हिस्सा बनेंगे और पुरानी यादों को ताजा करने के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। रविवार शाम कवि कुमार विश्वास की महफिल सजेगी तो कई अन्य आयोजन भी होंगे। अपने पुराछात्रों के स्वागत के लिए विश्वविद्यालय के परिसरों विशेष तरह से सजाया गया है। समारोह का विश्वविद्यालय के यूट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारण भी किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय में 2008 के बाद पुराछात्र छात्र सम्मेलन होने जा रहा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एल्युमिनाई एसोसिएशन के गठन के बाद पहली पर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। पंजीकरण कराने वाले प्रमुख लोगाें में सुप्रीम कोर्ट के जज न्यायमूर्ति पंकज मित्थल, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया, सेवानिवृत्त जज न्यायमूर्ति वीएन खरे, न्यायमूर्ति अशोक भूषण, न्यायमूर्ति कृष्ण मुरारी, न्यायमूर्ति विनीत सरन आदि शामिल हैं। इलाहाबाद होईकोर्ट के 40 जज समेत कई अन्य राज्यों के हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति भी समारोह में शामिल होंगे। नीरज कुमार, राजीव लाल, सुनील द्विवेदी, अखिलेश मिश्र, अमित माथुर समेत 25 से अधिक वरिष्ठ आईएस, आईपीएस तथा अन्य अफसर भी समारोह का हिस्सा होंगे।
फिल्म जगत से तिग्मांशु धूलिया, विनय पाठक भी शामिल होंगे। प्रो.संगीता ने बताया कि विश्वविद्यालय में भौतिकी के प्रोफेसर रहे डॉ. मुरली मनोहर जोशी को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन वह नहीं आ पा रहे। उन्होंने बताया कि एमएनएनआईटी के निदेशक, मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य समेत शिक्षा क्षेत्र के कई प्रमुख लोग भी समारोह में शामिल होंगे।
कुलपति ने बताया कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को सुबह 10 बजे सीनेट हाल में हुआ। इसके अलावा शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। रविवार को कवि सम्मेलन में कुमार विश्वास, संदीप भोला, कविता तिवारी, राजीव राज, प्रियांशु गजेंद्र आदि अपनी रचनाएं सुनाएंगे। इनके अलावा कई अन्य आयोजन होंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन की पूरी तैयारी कर ली गई है। आयोजन के मद्देनजर विश्वविद्यालय के सभी परिसर, छात्रावास भी सजाए गए हैं। पूरे परिसर में लाइटिंग की गई है।