रक्षा बंधन के मौके पर प्रयागराज आने वाली तमाम ट्रेनें फुल हो गई हैं। पर्व के बाद भी यहां से विभिन्न स्टेशनों की तरफ जाने वाली ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची हो गई है। इस बीच रोडवेज ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए विभिन्न रूट पर 50 से ज्यादा बसें चलाने की तैयारी की है।
रक्षा बंधन का पर्व इस बार रविवार 22 अगस्त को मनाया जाएगा। पर्व के पूर्व शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली, मुंबई आदि रूट से प्रयागराज आने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची हो गई है। प्रयागराज एक्सप्रेस की बात करें तो इसके स्लीपर, थर्ड एसी में 21 अगस्त को लंबी प्रतीक्षा सूची हो गई है। इसी तरह महोबोधि, रीवा, शिवगंगा, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में भी प्रतीक्षा सूची होने से यात्री परेशान हैं।
यही स्थिति पर्व मनाने के बाद वापसी करने वाले यात्रियों की भीड़ से भी है। रविवार 22 अगस्त को प्रयागराज एक्सप्रेस की सभी श्रेणी में प्रतीक्षा सूची हो गई हैं। हालांकि हमसफर के स्लीपर में भी रविवार को प्रतीक्षा सूची है, जबकि थर्ड एसी में बर्थ उपलब्ध है। नार्थ ईस्ट , रीवा एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में भी 22 अगस्त को प्रतीक्षा सूची है।
उधर यूपी रोडवेज के प्रयागराज रीजन ने रक्षा बंधन के अवसर पर लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर आदि रूट पर 50 से ज्यादा अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की है। क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने कहा कि रक्षा बंधन पर महिला यात्रियों का सफर फ्री होना है। इसके बारे में उचित दिशा निर्देश एक दो रोज में मुख्यालय से मिल जाने की उम्मीद है।