prayagraj news : छात्रा ने लगाई फांसी।
- फोटो : prayagraj
प्रतियोगी छात्रा ने फांसी लगाई लगाई
अल्लापुर में रहने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही नीति यादव ने मंगलवार की रात फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। छात्रा के मामा ने उसके ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। नीति यादव (27) देवरिया के रहने वाले विजय यादव की बेटी थी। वह अल्लापुर में पंकज कुमार के घर में किराए का कमरा लेकर पिछले कई सालों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। मंगलवार रात उसकी सहेली ने फोन किया लेकिन कई बार रिंग जाने के बाद भी फोन नहीं उठा। बाद में सहेली ने मकान मालिक को फोन किया।
मकान मालिक पंकज ने नीति के कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो पुलिस को सचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो वह फांसी पर लटकी थी। कमरे की तलाशी ली गई लेकिन सुसाइड नोट नहीं मिला। घर वालों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बुधवार को नीति के घर वाले देवरिया से पहुंच गए। नीति के मामा डा. महेश यादव ने बताया कि नीति की देवरिया में ही शादी हुई थी। वह ससुराल में सिर्फ तीन महीने ही रही। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। उसे लगातार फोन कर परेशान किया जाता था। इसके अलावा उसे और कोई परेशानी नहीं थी। इंस्पेक्टर जार्जटाउन ने बताया कि उन्हें घर वालों ने कोई तहरीर नहीं दी है।