संगम पर रात में भी नाव संचालन की तैयारी
वह दिन दूर नहीं जब संगम पर अब रात में भी नाव से भ्रमण किया जा सकेगा। मेला प्राधिकरण की ओर इसके लिए जल पुलिस को पत्र लिखा गया है। सर्वे आदि की प्रक्रिया के बाद ही इसके लिए प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संगम पर अभी शाम सात बजे तक ही नाव चलाने की अनुमति है। जबकि, वाराणसी समेत कई जिलों में गंगा नदी में रात में भी नाव संचालन की अनुमति है। उसी तर्ज पर अब संगम में भी रात में नाव एवं मोटरबोट संचालन की तैयारी है। इसके लिए रूट तय करने के साथ सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। इसके तहत नदी में प्रकाश की व्यवस्था के साथ गोताखोर आदि की भी तैनाती की जाएगी।
मेलाधिकारी विजय किरन आनंद का कहना है कि संगम पर अब बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक आ रहे हैं। लोग देर रात तक यहां रहते हैं। इसे देखते हुए रात में भी नावों के संचालन की योजना बनाई गई है। इसके लिए जल पुलिस को पत्र लिखा गया है। सर्वे के बाद जल्द ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।