फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

mnnit prayagraj : दीक्षांत समारोह में प्रयागराज की बेटी गरिमा को पांच गोल्ड सहित इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल

Wed, 30 Dec 2020 08:23 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
prayagraj news : गरिमा गोयल अपने माता-पिता और भाई के साथ। - फोटो : prayagraj
विज्ञापन
मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) का 17 वें दीक्षांत समारोह में प्रयागराज की बेटी गरिमा गोयल को पांच गोल्ड सहित इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। स्थानीय मीरापुर की रहने वाली गरिमा गोयल ने संस्थान से बीटेक इलेक्ट्रानिक्स एवं कम्युनिकेशन में पूरा किया। बृहस्पतिवार को होने वाले दीक्षांत समारोह में कोविड-19 के नियमों के तहत केंद्रीय शिक्षामंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक पहली बार छात्र-छात्राओं को वर्चुअल डिग्री प्रदान करेंगे। समारोह की अध्यक्षता संस्थान के बीओजी के चेयरमैन प्रो. डीपी सिंह करेंगे।
विज्ञापन


 दीक्षांत समारोह में उपाधि पाने वाले 1397 विद्यार्थियों में 248 अर्थात 17.75 फीसदी छात्राएं हैं। इन छात्राओं में 17 को गोल्ड मेडल मिलेगा। एमएनएनआईटी के निदेशक प्रो. राजीव त्रिपाठी ने बताया कि पूरा समारोह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए ऑनलाइन मोड में संस्थान के सेमिनार हाल में होगा। दीक्षांत समारोह में 861 बीटेक, 304 एमटेक, 83 एमसीए, 39 एमबीए, 18 एमएससी एवं 92 पीएचडी कुल मिलाकर 1397 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की जायेगी। उपाधि पाने वाले मेधावियों में 82 विदेशी छात्र हैं। इन छात्रों को डासा के तहत संस्थान में प्रवेश दिया गया था। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के जरिए प्रवेश पाने वाले तीन छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी।

69 छात्रों को मिलेगा गोल्ड मेडल

दीक्षांत समारोह में स्नातक के 14 छात्रों को गोल्ड, पीजी के 30 छात्रों को गोल्ड एवं 25 छात्रों को प्रायोजित गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। प्रायोजित गोल्ड मेडल संकाय, पुरा छात्रों एवं उद्योगों की ओर से दिया जाता है।

गरिमा को सभी ब्रांच में टॉप करने पर मिलेगा इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल

एमएनएनआईटी के बीटेक के सभी नौ ब्रांच में टॉप करने पर बीटेक इलेक्ट्रानिक्स एवं कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग की गरिमा गोयल को पांच गोल्ड मेडल सहित इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। बीटेक सिविल इंजीनियरिंग के अक्षत जैन को तीसरे वर्ष, बीटेक सीएसई के आर्यन मित्तल को दूसरे वर्ष एवं बीटेक सीएसई के अनुभव राजपूत एवं बीटेक सीएसई के ही दीपांश ठाकुर को प्रथम वर्ष में गोल्ड मेडल प्रदान किया जाएगा। 

गरिमा ने गर्ल्स हाईस्कूल से पूरी की स्कूली शिक्षा

एमएनएनआईटी के 17 वें दीक्षांत समारोह में पांच गोल्ड मेडल के साथ इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल पाने वाली गरिमा गोयल बीटेक अंतिम वर्ष ही नहीं बल्कि इससे पहले भी बीटेक के तीनों वर्ष में अपने ब्रांच की टॉपर रही है। संस्थान से इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल मिलने एक दिन पहले अर्थात 30 दिसंबर को गरिमा ने 17 लाख के वार्षिक पैकेज पर एनटीपीसी में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर (ट्रेनी) के पद पर सेवा आरंभ की।

प्रयागराज के मीरापुर मोहल्ले की रहने वाले राजीव गोयल एवं मीनू गोयल की पुत्री गरिमा ने स्कूली शिक्षा गर्ल्स हाईस्कूल (जीएचएस) से पूरी की। वह 2015 में बारहवीं में जीएचएस की टॉपर थीं। इंस्टीट्यूट गोल्ड मेडल हासिल करने जा रही गरिमा ने अमर उजाला से कहा कि रेगुलर क्लास करना उसकी सफलता की कहानी है। उसका कहना है कि एमएनएनआईटी में पूरे चार वर्ष उसने कभी संस्थान खुला होने पर उसने कभी क्लास बंक नहीं किया। उसका कहना है कि स्कूली दिनों में उसने कभी कोचिंग नहीं किया। उसका कहना है कि शिक्षकों का सम्मान आपको ऊंचाई पर ले जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें